ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत 150 ठिकानों पर दबिश, नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत 150 ठिकानों पर दबिश, नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई


धमतरी, 05 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी जिले में नशे और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। “ऑपरेशन निश्चय” के तहत चौथे बड़े अभियान में पुलिस ने रविवार काे जिलेभर के 150 स्थानों पर एक साथ दबिश देकर अवैध गतिविधियों पर कड़ा प्रहार किया।

आईजी रायपुर रेंज अमरेश कुमार मिश्रा के निर्देशन और एसपी धमतरी के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में कुल 30 टीमों का गठन कर गुंडा-बदमाशों, असामाजिक तत्वों और नशे के कारोबारियों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सिटी कोतवाली, अर्जुनी, कुरूद और भखारा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 4 प्रकरण दर्ज कर 4 आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 3.97 किलो गांजा जब्त किया गया। वहीं आबकारी एक्ट के तहत 17 प्रकरण दर्ज कर 17 आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया और उनसे 113.96 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के तहत एक आरोपित को 12 बोर देशी कट्टा और 2 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत 30 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की। सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों और ऐसे कृत्यों को बढ़ावा देने वाले होटल, ढाबा व खोमचा संचालकों पर भी सख्त कार्रवाई की गई। साथ ही निगरानीशुदा बदमाशों की पुलिस लाइन रूद्री में परेड कराकर उन्हें कानून का पालन करने और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story