नैमेड पुलिस ने नाबालिग बच्चों द्वारा माेटरसाइकिल का उपयोग किए जाने पर सलाह दी
बीजापुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के नेमेड थाना क्षेत्रांतर्गत विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत स्कूली बच्चों द्वारा आवागमन हेतु माेटरसाइकिल का उपयोग किए जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस द्वारा आज साेमवार काे आवश्यक सलाह दी गई। मौके पर संबंधित बच्चों के परिजनों को बुलाकर उन्हें भी यातायात नियमों के पालन एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस द्वारा बच्चों एवं उनके परिजनों को समझाया गया कि निर्धारित आयु एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना मोटर साइकिल चलाना कानूनन प्रतिबंधित है तथा इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। परिजनों को अपने बच्चों को वाहन चलाने से रोकने एवं उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नेमेड पुलिस ने अभिभावक से अपील करते हुए कहा कि अपने नाबालिग बच्चों को मोटरसाइकिल चलाने की अनुमति न दें तथा बच्चों की सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को प्राथमिकता दें ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

