रायगढ़ : महापल्ली में जल्द खुलेगा पुलिस चौकी, महिला समिति ने महिला सदन में चौकी खोलने दी सहमति

WhatsApp Channel Join Now
रायगढ़ : महापल्ली में जल्द खुलेगा पुलिस चौकी, महिला समिति ने महिला सदन में चौकी खोलने दी सहमति


रायगढ़ 03 जुलाई (हि.स.)। रायगढ़ के चक्रधर नगर थाना के संवेदनशील थाना प्रभारी राकेश मिश्रा की उपस्थिति में आज शुक्रवार काे महिला सदन हरडा बहाली महापल्ली में महिला समिति की बैठक आयाेजित की गई । बैठक में सर्व सम्मति से महिला सदन को पुलिस चौकी संचालन के लिए आगामी भवन व्यवस्था तक संचालित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में मौजूद चक्रधर नगर थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने कहा कि महापल्ली का यह स्थान पुलिस चौकी के लिए रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। ओडिशा सीमा महज 4 से 5 किलोमीटर दूर होने के कारण अंतर्राज्यीय अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। साथ ही जामगांव, कोयलंगा सहित पूरे पूर्वांचल क्षेत्र में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित चौकी आधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली से लैस होगी, जिससे अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा सकेगी। ओडिशा में अपराध कर सीमा पार भागने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी भी अब पहले की तुलना में अधिक आसान होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह चौकी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करते हुए अमन, शांति और सुरक्षा का नया अध्याय लिखेगी।

थाना प्रभारी ने बताया कि बैठक के निर्णय से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को अवगत कराया जाएगा, जिसके बाद जल्द ही महापल्ली पुलिस चौकी का शुभारंभ किया जाएगा।

उक्त बैठक में सरपंच तपस्विनी किसान, पंच कुंदकुंवर पटेल, अंबिका यादव, सरस्वती प्रधान, अमिला चौहान, नरेश अग्रवाल महिला समिति अध्यक्ष पार्वती बैरागी, सरला अग्रवाल सहित अन्य महिलाएं उपस्थित थीं।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में जामगांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने महापल्ली में पुलिस चौकी खोलने की घोषणा की थी। क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग अब साकार होने जा रही है। नई चौकी के शुरू होने से चक्रधर नगर थाना का कार्यक्षेत्र भी व्यवस्थित होगा, पुलिस की प्रतिक्रिया समय में सुधार आएगा और सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।

बैठक के अंत में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने महिलाओं से 4 जुलाई को आयोजित पुलिस जनसंवाद कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुलिस की जनहितकारी योजनाओं और सुरक्षा संबंधी जानकारियों का लाभ उठाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story