पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन ने किया वरिष्ठजनों का सम्मान
धमतरी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला धमतरी की ओर से अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को थाना सिटी कोतवाली परिसर स्थित पुलिस जनसंवाद कक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों का सम्मान कर उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक एवं संगठन के संरक्षक रामकुमार सिंह जय सिंधु थे। अध्यक्षता पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी होरीलाल साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त निरीक्षक अशोक द्विवेदी और कुंवर सिंह नागवंशी उपस्थित रहे। अध्यक्ष होरीलाल साहू ने बताया कि 21 सितंबर 2026 को अग्रसेन भवन धमतरी में पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन का चतुर्थ स्थापना दिवस मनाया गया था, जिसमें पुलिस अधीक्षक भावना पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं।
उन्होंने संगठन की एकजुटता, ताकत और सदस्यों के सम्मान के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त निरीक्षक राम किशन मरकाम और सेवानिवृत्त उप निरीक्षक गोकुल राम साहू को संगठन का सदस्य बनने पर गमछा भेंटकर एवं फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं अक्टूबर माह में जन्मदिन मनाने वाले सेवानिवृत्त निरीक्षक कुंवर सिंह नागवंशी, सेवानिवृत्त उप निरीक्षक रमेश साहू, सेवानिवृत्त सहायक उप निरीक्षक विनोद साहू, दिलहरण सिंह ठाकुर, भारत नागवंशी और प्रधान आरक्षक सुदामा राम साहू का गमछा भेंटकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठजनों को अतिथियों ने फूलमाला पहनाकर और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में अनिल सालुंके, अशोक द्विवेदी, तुलसीराम नागवंशी, कुंवर सिंह नागवंशी, भक्तराम साहू, तुलसीराम यादव, बृजमोहन गड़ेवाल सहित कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन अनिल सालुंके ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

