बलरामपुर पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, रामानुजगंज और कुसमी को मिले नए एसडीओपी

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, रामानुजगंज और कुसमी को मिले नए एसडीओपी


-कुसमी, रामानुजगंज और 12वीं बटालियन के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलीं

बलरामपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने सोमवार देर शाम को राज्यभर में पुलिस अधिकारियों का व्यापक तबादला आदेश जारी किया है। इस आदेश में कुल 151 पुलिस अधिकारियों के पदस्थापना आदेश जारी किए गए हैं। इनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संवर्ग (ग्रेड पे 8700) के 23 अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संवर्ग के 36 अधिकारी तथा उप पुलिस अधीक्षक संवर्ग के 92 अधिकारी शामिल हैं। इस तबादला सूची में बलरामपुर जिले से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर भी बदलाव किए गए हैं।

जिले के रामानुजगंज स्थित 12वीं बटालियन में पदस्थापना को लेकर भी महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) रायपुर नगरीय के पद पर पदस्थ दौलत राम पोर्ते (डीडी-2007) को सेनानी, 12वीं बटालियन रामानुजगंज, जिला बलरामपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, 12वीं बटालियन रामानुजगंज में सहायक सेनानी के रूप में कार्यरत लोकेश्वर सिंह शांडिल्य (सीसी-2015) का तबादला कर उन्हें सहायक सेनानी, मुख्यमंत्री सुरक्षा रायपुर में पदस्थ किया गया है।

जिले के कुसमी एसडीओपी आशीष कुंजाम (डीडी-2016) का तबादला उप पुलिस अधीक्षक, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के रूप में किया गया है। उनकी जगह मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के पद पर कार्यरत एलेक्सियूस टोप्पो (निरीक्षक-2023) को कुसमी का नया एसडीओपी बनाया गया है।

इसी तरह, जिला बालोद में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ राजेश कुमार बागेड़ (निरीक्षक-2021) को रामानुजगंज का नया अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) नियुक्त किया गया है। वहीं, रामानुजगंज में पदस्थ एसडीओपी बाजीलाल सिंह (निरीक्षक-2023) का तबादला कर उन्हें जिला मुंगेली में उप पुलिस अधीक्षक (बालक विरुद्ध अपराध अन्वेषण शाखा) की जिम्मेदारी दी गई है।

राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद बलरामपुर जिले के पुलिस महकमे में कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे। माना जा रहा है कि नई पदस्थापनाओं के बाद जिले में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग को मजबूती मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story