जांजगीर-चांपा: शादी और समारोहों में अव्यवस्थित पार्किंग पर पुलिस सख्त, होटल-मैरिज हॉल संचालकों की ली बैठक

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा: शादी और समारोहों में अव्यवस्थित पार्किंग पर पुलिस सख्त, होटल-मैरिज हॉल संचालकों की ली बैठक


जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर (हि. स.)। जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जांजगीर-चांपा यातायात पुलिस ने शादी-विवाह एवं अन्य समारोहों के दौरान होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर सख्ती दिखाई है। पुलिस ने जिले के प्रमुख होटल एवं मैरिज हॉल संचालकों की बैठक लेकर पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में 26 नवंबर 2026 की शाम यातायात शाखा में आयोजित इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार ने जांजगीर मुख्यालय एवं अकलतरा क्षेत्र के होटल संचालकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि शादी-विवाह, जन्मोत्सव एवं अन्य बड़े आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। ऐसे में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से वाहन सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सभी होटल एवं मैरिज हॉल संचालकों को प्रत्येक आयोजन में पर्याप्त पार्किंग स्थान सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर पार्किंग व्यवस्था के लिए अलग से कर्मचारियों की तैनाती करने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि मुख्य मार्गों पर वाहनों के कारण आवागमन बाधित न हो।

पुलिस ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित अन्य आपातकालीन वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। सड़क पर सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन आम नागरिकों का अधिकार है, इसलिए सभी संचालक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए होटल संचालकों से दो-दो वालंटियर के नाम और मोबाइल नंबर भी मांगे गए हैं, ताकि आयोजनों के दौरान यातायात पुलिस के साथ समन्वय बनाकर पार्किंग एवं आवागमन की व्यवस्था सुचारू रखी जा सके। पुलिस ने सभी संचालकों से आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story