151 गुम मोबाइल लौटाए, लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

WhatsApp Channel Join Now
151 गुम मोबाइल लौटाए, लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान


धमतरी, 22 मई (हि.स.)। धमतरी पुलिस का गुम मोबाइल वापसी अभियान आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। शुक्रवार को पुलिस लाइन रूद्री स्थित पुलिस कंपोजिट बिल्डिंग में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पुलिस ने 151 गुम मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। मोबाइल वापस मिलते ही हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। जानकारी के अनुसार अब तक धमतरी जिले में 670 मोबाइल वापस किए जा चुके हैं।

पुलिस के इस अभियान के तहत साइबर टीम ने तकनीकी सहायता से कई मोबाइल ओड़िशा और मध्यप्रदेश तक ट्रेस कर रिकवर किए। पुलिस की लगातार मेहनत का ही परिणाम है कि अब तक जिले में 670 से अधिक गुम मोबाइल उनके मालिकों को वापस किए जा चुके हैं। इससे आम जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है। कार्यक्रम में महापौर जगदीश रामू रोहरा और कलेक्टर अविनाश मिश्रा विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने धमतरी पुलिस की कार्यशैली और जनहितकारी पहल की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी पुलिस लगातार ऐसे कार्य कर रही है जिससे जनता का विश्वास बढ़ा है। अपराध नियंत्रण और नशे के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई हो रही है। वर्षों पुराने मोबाइल वापस मिलना लोगों के लिए बड़ी खुशी की बात है। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि आधुनिक तकनीक, साइबर ट्रैकिंग और बेहतर टीमवर्क के जरिए गुम मोबाइल खोजकर लोगों तक पहुंचाना बेहद सराहनीय कार्य है। उन्होंने पूरी पुलिस टीम को बधाई दी।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, मीडिया प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

मोबाइल आज हर व्यक्ति की जरूरत:

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने गश्त ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में दिवंगत प्रधान आरक्षक विजय बैरागी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आज मोबाइल हर व्यक्ति के जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है और उसके गुम होने की पीड़ा को वे स्वयं समझते हैं। इसी संवेदनशीलता के साथ धमतरी पुलिस आमजन को राहत पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे:

ग्राम रावां निवासी सीताराम गजेन्द्र ने बताया कि कुर्रा बाजार में प्याज खरीदने के दौरान उनका मोबाइल जेब से गायब हो गया था। कई महीने बीत जाने के बाद उन्होंने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन धमतरी पुलिस के प्रयासों से मोबाइल वापस मिलने पर उन्होंने खुशी जताते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया। इसी तरह रायपुर से आए हितग्राही कल्पेश ने कहा कि धमतरी में मोबाइल गुम होने के बाद उन्हें भी उम्मीद नहीं थी कि फोन वापस मिलेगा, लेकिन पुलिस की तत्परता से मोबाइल लौटाए जाने पर उन्होंने पूरी टीम को धन्यवाद दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story