संदिग्ध लोगों के विरुद्ध धमतरी पुलिस का विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू

WhatsApp Channel Join Now
संदिग्ध लोगों के विरुद्ध धमतरी पुलिस का विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू


धमतरी, 24 जुलाई (हि.स.)। संदिग्ध लोगों के विरुद्ध धमतरी पुलिस का विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू हो गई है। एसपी भावना पांडेय ने अपने शासकीय वाहन पर स्वयं जनजागरूकता स्टीकर लगाए है। वहीं जिले के सभी थाना-चौकियों एवं शासकीय पुलिस वाहनों में जागरूकता स्टीकर लगाने कहा है। साथ ही संदिग्धों की जानकारी टोल फ्री नंबर पर पुलिस को देने अपील की है।

जिले में आंतरिक सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अवैध आप्रवासियों, किरायेदारों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में समय पर सूचना प्राप्त करने के उद्देश्य से एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा विशेष जनजागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया है।

अभियान के अंतर्गत एएसपी शैलेन्द्र कुमार पांडेय, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री मोनिका मरावी एवं डीएसपी मीना साहू ने भी अपने-अपने शासकीय वाहनों पर अवैध आप्रवासियों एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने संबंधी स्टीकर लगाकर अभियान की शुरुआत की। इसका उद्देश्य पुलिस के प्रत्येक वाहन के माध्यम से आमजन तक सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाना तथा नागरिकों को इस अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ना है।

एसपी भावना पांडेय ने कहा कि जिले की सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ ही प्रत्येक जागरूक नागरिक की भी सहभागिता आवश्यक है। जनसहयोग से ही संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है तथा सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं कानून-व्यवस्था युक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story