महिला से छेड़छाड़ का आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

WhatsApp Channel Join Now
महिला से छेड़छाड़ का आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल


जांजगीर-चांपा, 18 जून (हि. स.)। महिला से छेड़छाड़ के मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर आज गुरुवार काे जेल भेज दिया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच के दौरान आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 8 जून 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी कि कोसमंदा निवासी द्वारिका कश्यप ने उसका हाथ पकड़कर उसके साथ बुरी नियत से छेड़छाड़ की। घटना के दौरान पीड़िता किसी तरह आरोपित के चंगुल से छूटकर वहां से भागने में सफल रही और बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी।

शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 298/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 एवं 79 के तहत मामला कायम किया गया। पुलिस ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विवेचना शुरू की और आरोपी की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपित द्वारिका कश्यप (51 वर्ष), निवासी ग्राम कोसमंदा, थाना चांपा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित ने महिला के साथ छेड़छाड़ करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई करते हुए आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे मामलों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रधान आरक्षक नरसिंह बर्मन, आरक्षक पुष्पलता साहू, आरक्षक ईश्वरी राठौर एवं थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story