चार क्विंटल मादक पदार्थों का पुलिस व एजेंसी ने किया नष्टीकरण

WhatsApp Channel Join Now
चार क्विंटल मादक पदार्थों का पुलिस व एजेंसी ने किया नष्टीकरण


चार क्विंटल मादक पदार्थों का पुलिस व एजेंसी ने किया नष्टीकरण


धमतरी, 25 जून (हि.स.)। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से जब्त लगभग चार क्विंटल मादक पदार्थ गांजा का पुलिस व एजेंसी ने गुरुवार काे विधिवत नष्टीकरण किया। यह गांजा 18 प्रकरणों में पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों ने जब्त कर तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की थी।

जिला पुलिस इन दिनों मादक पदार्थाें के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है। लगातार गांजा जब्ती की कार्रवाई से माफियों की चिंता बढ़ गई है। एनडीपीएस एक्ट के सभी वैधानिक प्रविधानों, न्यायालयीन निर्देशों एवं पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए रूपगढ़ पावर एण्ड एलायज प्रा. लिमिटेड बंजारी में गांजा का नष्टीकरण कराया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली धमतरी, अर्जुनी, भखारा, बिरेझर, केरेगांव एवं सिहावा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 18 प्रकरणों में पुलिस द्वारा जब्त 388.392 किलोग्राम मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम के प्रविधानों, उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशों तथा निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के अनुरूप की गई। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिलास्तरीय औषधि निपटान समिति का गठन किया गया है। इस समिति द्वारा जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, सत्यापन, अभिलेखीकरण एवं नष्टीकरण संबंधी सभी प्रक्रियाओं का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की गई। नष्टीकरण कार्य के लिए मेसर्स रूपगढ़ पावर एण्ड एलायज प्राइवेट लिमिटेड (पूर्व नाम मेसर्स ईशा पावर प्राइवेट लिमिटेड) ग्राम बंजारी थाना कुरूद जिला धमतरी का चयन किया गया था।

इस कार्रवाई से पूर्व छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, रायपुर तथा ग्राम पंचायत बंजारी से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किए गए। पर्यावरणीय सुरक्षा मानकों, प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों तथा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत निर्धारित सभी वैधानिक प्रविधानों का पालन करते हुए जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण कराया गया। धमतरी पुलिस द्वारा लगातार मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की यह कार्रवाई न केवल न्यायिक प्रक्रिया के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण है, बल्कि नशामुक्त समाज के निर्माण, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की दिशा में धमतरी पुलिस की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करती है। नशे के अवैध कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी अथवा इससे संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना लोग तत्काल पुलिस को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story