आईपीएल ऑनलाइन सट्टेबाजी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएल ऑनलाइन सट्टेबाजी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, युवक गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 25 मई (हि. स.)। आईपीएल क्रिकेट मैच में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक युवक को थाना चांपा पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से मोबाइल फोन और 46 हजार 270 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 07 के तहत कार्रवाई करते हुए आज साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई। जिले में अवैध गतिविधियों और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार 24 मई की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांपा क्षेत्र के मंझली तालाब के पास एक युवक आईपीएल मैच काेलकाता नाइट राइडर्स और डेलही कैप‍िटल्‍स के बीच खेले जा रहे मुकाबले पर हार-जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा चला रहा है।

सूचना मिलते ही थाना चांपा पुलिस और साइबर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपि‍त ने अपना नाम संदीप यादव बताया। मोबाइल की जांच में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाए जाने के प्रमाण मिलने पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 262/26 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक, एएसआई विवेक सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story