कोरबा में रामलीला के तीसरे दिन रामवन गमन और केंवट प्रसंग का हुआ भावपूर्ण मंचन

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में रामलीला के तीसरे दिन रामवन गमन और केंवट प्रसंग का हुआ भावपूर्ण मंचन


काेरबा, 17 अक्टूबर (हि.स.)। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा घंटाघर ओपन थियेटर मैदान में आयोजित छह दिवसीय रामलीला के तीसरे दिन शनिवार को रामवन गमन, केंवट प्रसंग, दशरथ के देवलोक गमन और भरत मिलाप सहित भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में उज्जैन और बनारस से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीरामलला के चरणों में पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कोरबा विभाग के संघचालक सत्येंद्र दुबे तथा सामाजिक समरसता प्रमुख विश्वनाथ बोगी ने भगवान श्रीरामलला की पूजा-अर्चना कर रामलीला के तीसरे दिवस के आयोजन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, प्राचार्य सूर्यकांत पांडेय और वरिष्ठ पत्रकार कमलेश रात्रे विशेष रूप से उपस्थित थे।

रामलीला के दौरान मंथरा-कैकेयी संवाद के माध्यम से राम के वनवास की पृष्ठभूमि प्रस्तुत की गई। इसके बाद रामवन गमन, निषादराज एवं केंवट प्रसंग, राजा दशरथ के देवलोक गमन और भरत मिलाप का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से पारिवारिक प्रेम, त्याग, समर्पण और मर्यादा के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। मंचन के दौरान दर्शक रामायण के प्रसंगों से भावनात्मक रूप से जुड़े नजर आए।

कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत ने अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए। इस अवसर पर नगर निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, चंद्रमा सिंह राजपूत, मेयर इन काउंसिल के सदस्य, पार्षद, एल्डरमेन तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा आयोजित यह रामलीला 15 अक्टूबर से शुरू हुई है और 20 अक्टूबर तक चलेगी। आयोजन के चौथे दिन 18 अक्टूबर को पंचवटी प्रसंग, सीता हरण, राम-हनुमान मिलन, राम-सुग्रीव मैत्री, बाली वध और लंका दहन का मंचन किया जाएगा। वहीं, 19 अक्टूबर को सेतु बंध, अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, मेघनाथ वध, रावण वध और राज्याभिषेक सहित अन्य प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे। रामलीला का समापन 20 अक्टूबर को रावण दहन और मधुर संगीत के आयोजन के साथ होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762799 Articles

Share this story