कोरबा: पीएम स्वनिधि योजना से आशीष की सब्जी दुकान का हुआ विस्तार, 15 हजार के ऋण से बढ़ी आमदनी

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा: पीएम स्वनिधि योजना से आशीष की सब्जी दुकान का हुआ विस्तार, 15 हजार के ऋण से बढ़ी आमदनी


कोरबा, 09 अक्टूबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों के लिए आत्मनिर्भरता की राह मजबूत कर रही है। योजना के तहत कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र के कुदरीपारा निवासी आशीष जायसवाल को 15 हजार रुपये का ऋण मिला, जिससे उन्होंने अपनी सब्जी दुकान का विस्तार किया और आमदनी बढ़ाने में सफलता हासिल की।

आशीष जायसवाल वर्षों से छोटी-सी सब्जी दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने में सहयोग कर रहे थे। सीमित पूंजी के कारण वे दुकान में कम मात्रा में और सीमित किस्म की सब्जियां ही रख पाते थे। इससे ग्राहकों को पर्याप्त विकल्प नहीं मिलते थे और बिक्री से होने वाली आय से परिवार का खर्च चलाना भी चुनौतीपूर्ण था।

इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। उन्होंने योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन किया, जिसके बाद उन्हें 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। इस राशि से उन्होंने दुकान के लिए विभिन्न प्रकार की सब्जियां खरीदीं। दुकान में सब्जियों की उपलब्धता बढ़ने से ग्राहकों को अधिक विकल्प मिलने लगे और बिक्री में सुधार हुआ।

आशीष के अनुसार, योजना से मिली आर्थिक मदद ने उन्हें अपना व्यवसाय आगे बढ़ाने का अवसर दिया है। अब उनकी आमदनी पहले की तुलना में बढ़ी है और वे अपने कारोबार को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास कर रहे हैं।

आशीष जायसवाल ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से उन्हें आर्थिक संबल मिला है। छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मिली इस सहायता ने उनके आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों को नई दिशा दी है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story