कोरबा : पीएम सूर्यघर योजना से बदली तस्वीर, तीन किलाे वाॅट सोलर प्लांट से बिजली बिल हुआ शून्य

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : पीएम सूर्यघर योजना से बदली तस्वीर, तीन किलाे वाॅट सोलर प्लांट से बिजली बिल हुआ शून्य


कोरबा, 20 जुलाई (हि. स.)। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना छत्तीसगढ़ में स्वच्छ ऊर्जा और आर्थिक बचत का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अब आम परिवार न केवल बिजली बिल से राहत पा रहे हैं, बल्कि सौर ऊर्जा अपनाकर पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। कोरबा जिले में भी इस योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, जहां पत्थरीपारा निवासी श्रीमती लारा तिर्की का परिवार इसका सफल उदाहरण बनकर उभरा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में संचालित प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कर बिजली खर्च को कम करना और अक्षय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी भी प्रदान की जाती है, जिससे सोलर प्लांट लगवाना आसान हो जाता है।

कोरबा के पत्थरीपारा निवासी लारा तिर्की और उनके पति अनजुलस तिर्की ने योजना की जानकारी मिलने के बाद अपने घर की छत पर तीन किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया। सितंबर 2025 में सोलर प्लांट लगने के बाद से उनके घर का बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। पहले परिवार को हर महीने लगभग एक हजार से डेढ़ हजार रुपये तक बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता था, लेकिन अब यह पूरी राशि बच रही है। इससे परिवार की मासिक बचत बढ़ी है और आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है।

लारा तिर्की ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत उन्हें केंद्र और राज्य सरकार से कुल 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। इस सहायता से सोलर प्लांट स्थापित करना आसान हो गया और उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उनका कहना है कि यह योजना आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है, क्योंकि इससे बिजली बिल में राहत मिलने के साथ-साथ स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग भी बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से उनका परिवार पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। इससे कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिल रही है और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने जिले के अन्य नागरिकों से भी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने और अपने घरों में सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराने की अपील की।

तिर्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना से हजारों परिवारों को आर्थिक राहत मिल रही है। उनके अनुसार यह योजना केवल बिजली बिल कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक बड़ा कदम है।

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है। बढ़ती बिजली लागत के बीच यह योजना आम परिवारों के लिए राहत का बड़ा साधन बन रही है और हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story