प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 36 लाख दीये जलाने को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 36 लाख दीये जलाने को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल


प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 36 लाख दीये जलाने को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल


रायपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान और जनभागीदारी के बड़े आयोजन को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने आयोजन के तरीके और सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर भाजपा की ओर से आयोजित कार्यक्रमों को लेकर निशाना साधा। बैज ने इसे राजनीतिक आयोजन बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में लाखों दीये जलाने का फैसला जनता के सामने मौजूद मुद्दों से ध्यान भटकाने वाला है।

बैज ने विशेष रूप से प्रदेश में दीयों की संख्या को लेकर सवाल उठाया। एक बयान में उन्होंने छत्तीसगढ़ में 36 लाख दीये जलाने के भाजपा के फैसले पर सवाल करते हुए पूछा कि आखिर इतने बड़े स्तर पर दीप जलाने के पीछे क्या उद्देश्य है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम को लेकर सरकार से खर्च का हिसाब मांगा है। बघेल ने सोशल मीडिया पोस्ट में सवाल उठाया कि यदि प्रधानमंत्री के जन्मदिन का कार्यक्रम भाजपा का संगठनात्मक कार्यक्रम है तो सरकारी विभागों और कलेक्टरों को इसकी तैयारियों में क्यों लगाया जा रहा है।

बघेल ने यह भी पूछा कि दीयों, बाती और तेल की खरीद किस मद से की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी संसाधनों या सरकारी मद से खर्च किया जा रहा है तो उसका हिसाब जनता को बताया जाना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि जनता के पैसों को इस तरह व्यर्थ नहीं किया जा सकता और जरूरत पड़ने पर विधानसभा में संबंधित खर्च का हिसाब मांगा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story