प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्षों का नेतृत्व वैश्विक प्रतिष्ठा, सुदृढ़ सुरक्षा और राष्ट्र चेतना का प्रतीक : प्रबलप्रताप सिंह जूदेव

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्षों का नेतृत्व वैश्विक प्रतिष्ठा, सुदृढ़ सुरक्षा और राष्ट्र चेतना का प्रतीक : प्रबलप्रताप सिंह जूदेव


रायपुर 22 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबलप्रताप सिंह जूदेव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस और बतौर 'हेड ऑफ गवर्नमेंट' सुशासन, सेवा और सांस्कृतिक गौरव के 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी है। जूदेव ने भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का जनांदोलन बताया।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जूदेव ने आज मंगलवार काे कहा कि पिछले ढाई दशकों में प्रधानमंत्री मोदी ने यह सिद्ध कर दिखाया है कि एक दृढ़ इच्छाशक्ति वाला नेतृत्व कैसे देश की तकदीर और तस्वीर बदल सकता है! मुख्यमंत्री के रूप में गुजरात को विकास का मॉडल बनाने से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में भारत को विश्व की पाँचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने तक का उनका सफर अभूतपूर्व है। आज वैश्विक मंचों पर भारत का स्वाभिमान और प्रतिष्ठा नई ऊँचाइयों पर है। देश की सीमाएँ पूरी तरह सुरक्षित हैं और आतंकवाद व अलगाववाद पर निर्णायक प्रहार हुआ है।

जूदेव ने कहा कि मोदी सरकार ने सांस्कृतिक चेतना और वंचित वर्ग के गौरव को नई पहचान दी है। भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती को 'जनजातीय गौरव दिवस' घोषित करना हो या दूरस्थ वनवासी क्षेत्रों तक एकलव्य विद्यालय, पीएम जन-मन योजना और आयुष्मान भारत का लाभ पहुँचाना हो, श्री मोदी का हर निर्णय गरीबों और वनवासियों के हित में रहा है। 'सेवा संकल्प अभियान' के जरिए भाजपा कार्यकर्ता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा कर इस ऐतिहासिक 25 वर्ष के सेवाकाल का उत्सव मना रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story