पीएम किसान सम्मान निधि योजना में जीपीएम जिले ने हासिल की 80 प्रतिशत प्रगति, 32,865 किसान लाभान्वित
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही 06 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत जीपीएम जिले में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। 30 जून 2026 की स्थिति में जिले के कुल 40 हजार 850 किसानों में से 33 हजार 59 किसानों का पंजीयन किया जा चुका है, जिनमें से 32 हजार 865 किसान योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। इस प्रकार जिले में योजना के क्रियान्वयन की 80 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना भारत सरकार की एक प्रमुख किसान कल्याणकारी योजना है, जिसके अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को कृषि कार्यों एवं आवश्यक कृषि निवेश के लिए प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की वित्तीय सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाती है।
उप संचालक कृषि सत्यजीत कंवर ने आज साेमवार काे बताया कि शेष पात्र किसानों का पंजीयन, ई-केवाईसी, आधार एवं बैंक खाते के सत्यापन की प्रक्रिया निरंतर जारी है, ताकि अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि शेष 20 प्रतिशत में ऐसे प्रकरण शामिल हैं, जिनमें शासकीय सेवक, आयकरदाता, मृत किसान अथवा अन्य अपात्र श्रेणी के मामले तथा लंबित पंजीयन शामिल हैं। जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी पात्र किसानों से अपील की गई है कि जिन्होंने अभी तक योजना में पंजीयन नहीं कराया है अथवा ई-केवाईसी एवं आवश्यक दस्तावेजों का अद्यतन नहीं कराया है, वे शीघ्र ही संबंधित कृषि विभाग, जनपद पंचायत अथवा लोक सेवा केंद्र के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराएं, ताकि वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित नहीं रहें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

