पीएम किसान सम्मान निधि योजना से कोरबा के किसान मुकेश मरावी को मिला आर्थिक संबल
कोरबा, 11 अक्टूबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना छोटे और सीमांत किसानों के लिए आर्थिक सहारे का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से किसानों को खेती से जुड़ी आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिंदूरगढ़ निवासी किसान मुकेश कुमार मरावी भी इस योजना का लाभ उठाकर अपनी खेती-किसानी के कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित कर रहे हैं।
कृषि कार्यों में समय पर निवेश करना किसानों के लिए बेहद जरूरी होता है। विशेषकर छोटे किसानों को खेतों की जुताई, खाद, बीज, कीटनाशक और अन्य कृषि सामग्री की व्यवस्था करने में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली राशि किसानों की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सहायक साबित हो रही है।
ग्राम सिंदूरगढ़ निवासी किसान मुकेश कुमार मरावी ने बताया कि योजना का लाभ मिलने से पहले खेती के जरूरी कार्यों के लिए पैसों की व्यवस्था करना मुश्किल होता था। कई बार खाद-बीज खरीदने और खेतों की तैयारी के लिए दूसरों से उधार लेना पड़ता था। इससे खेती की लागत के साथ आर्थिक दबाव भी बढ़ जाता था। अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से उन्हें काफी राहत मिली है।
मुकेश मरावी के अनुसार, योजना से प्राप्त राशि का उपयोग खेतों की समय पर जुताई, खाद-बीज, कीटनाशक और अन्य आवश्यक कृषि सामग्री खरीदने में किया जा रहा है। इससे खेती के कार्यों को समय पर पूरा करने में सुविधा हो रही है। साथ ही कृषि संबंधी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भरता भी कम हुई है।
उन्होंने बताया कि छोटे किसानों के लिए यह योजना बेहद उपयोगी साबित हो रही है। खेती के दौरान अचानक आने वाली आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सम्मान निधि की राशि महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करती है। इससे किसानों को अपनी कृषि गतिविधियों की बेहतर योजना बनाने और समय पर खेती की तैयारी करने में मदद मिलती है।
किसान मुकेश कुमार मरावी ने कहा कि पहले खेती के लिए पैसों की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती थी, लेकिन अब किसान सम्मान निधि से मिलने वाली सहायता ने उनकी परेशानी काफी हद तक कम कर दी है। उन्होंने योजना के संचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। इस राशि से किसानों को खेती की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक सहयोग मिलता है। कोरबा जिले के किसान मुकेश मरावी की कहानी इस बात का उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने से छोटे किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में सहूलियत मिल रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

