प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से बदली किसान की तस्वीर, श्रवण दास मानिकपुरी को खेती में मिला बड़ा सहारा

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से बदली किसान की तस्वीर, श्रवण दास मानिकपुरी को खेती में मिला बड़ा सहारा


कोरबा, 21 जून (हि. स.)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना किसानों के लिए आर्थिक संबल साबित हो रही है। कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पुलालीकला निवासी किसान श्रवण दास मानिकपुरी भी इस योजना से लाभान्वित होकर काफी उत्साहित हैं। हाल ही में उन्हें योजना की 23वीं किस्त की राशि उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई है, जिससे खेती-किसानी के कार्यों में आर्थिक सहायता मिली है।

किसान श्रवण दास मानिकपुरी ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए बेहद उपयोगी और लाभकारी योजना है। योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से उन्हें खेती के लिए बीज, खाद और अन्य आवश्यक कृषि सामग्री खरीदने में सुविधा मिलती है। इससे खेती की लागत का बोझ कम होता है और समय पर कृषि कार्यों को पूरा करने में मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि नियमित रूप से खाते में मिलने वाली सम्मान निधि किसानों के लिए किसी सहारे से कम नहीं है। इससे किसानों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बिना आर्थिक दबाव के खेती कर पाते हैं। श्रवण दास मानिकपुरी ने कहा कि वह स्वयं को उन सौभाग्यशाली किसानों में मानते हैं जिन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लगातार मिल रहा है और यह राशि उनके कृषि कार्यों में काफी मददगार साबित हो रही है।

किसान ने भारत सरकार और कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के तहत सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाती है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाती है।

उल्लेखनीय है कि, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। इस राशि का उपयोग किसान कृषि निवेश, बीज, उर्वरक तथा अन्य आवश्यक कृषि कार्यों में करते हैं। योजना का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

कोरबा जिले सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हजारों किसान इस योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि समय पर मिलने वाली आर्थिक सहायता से खेती-किसानी के कार्यों में सुविधा हुई है और कृषि उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिली है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के प्रभाव से किसान अब अधिक आत्मनिर्भर बन रहे हैं तथा कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं की ओर आगे बढ़ रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story