पीएम-किसान सम्मान निधि से किसान उमेन्द्र को खेती-किसानी में मिली मदद

WhatsApp Channel Join Now
पीएम-किसान सम्मान निधि से किसान उमेन्द्र को खेती-किसानी में मिली मदद


जांजगीर-चांपा 15 अक्टूबर (हि. स.)। खेती-किसानी में समय पर आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करना किसानों के लिए महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली सहायता कृषि कार्यों की तैयारी और जरूरी खर्चों को पूरा करने में किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रही है।

नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम सलखन निवासी उमेन्द्र यादव के लिए खेती आजीविका का प्रमुख आधार है। फसल की तैयारी के दौरान खाद-बीज सहित अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था करने के लिए समय पर राशि की जरूरत होती है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से मिलने वाली राशि इन आवश्यकताओं को पूरा करने में उनके लिए मददगार है।

योजना के तहत उमेन्द्र यादव को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त होती है। इससे उन्हें खाद-बीज की खरीद और खेती से जुड़े अन्य जरूरी खर्चों की व्यवस्था करने में सहूलियत मिलती है।

उमेन्द्र यादव ने बताया कि खेती के दौरान छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी समय पर पैसों की आवश्यकता होती है। ऐसे में योजना के तहत मिलने वाली राशि कृषि कार्यों की तैयारी में मदद करती है। उन्होंने किसान हित में संचालित इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761595 Articles

Share this story