किसान सम्मान निधि से शिवनाथ सिंह को खेती में मिली राहत, समय पर जुटा पा रहे खाद-बीज
बलरामपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से किसान शिवनाथ सिंह जैसे किसानों को खेती की जरूरतों के लिए आर्थिक मदद मिल रही है। योजना के तहत मिलने वाली राशि से किसान खाद, बीज, सिंचाई और कीटनाशक जैसी आवश्यक जरूरतों को समय पर पूरा कर पा रहे हैं।
ग्राम जाबर निवासी शिवनाथ सिंह करीब तीन एकड़ भूमि पर धान की खेती कर परिवार का जीवन-यापन करते हैं। उन्होंने बताया कि पहले खेती के मौसम में जुताई, बीज, खाद, सिंचाई और दवाइयों के लिए पैसे जुटाना चुनौती रहता था। किसान सम्मान निधि का लाभ मिलने के बाद खेती के इन खर्चों को पूरा करने में उन्हें काफी राहत मिली है।
शिवनाथ सिंह के अनुसार योजना के तहत उन्हें सालाना 6,000 रुपये तीन किस्तों में मिलते हैं। इस राशि का उपयोग वे खेती की जरूरतों में करते हैं। इससे उन्हें समय पर कृषि सामग्री खरीदने में मदद मिलती है और खेती के दौरान आर्थिक दबाव भी कम हुआ है।
उन्होंने बताया कि कृषि खर्चों में सहायता मिलने से बचत करने में भी मदद मिली है। अब वे धान के साथ अन्य फसलों की खेती करने की दिशा में भी आगे बढ़ने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से मिल रही सहायता के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

