पीएम जनमन योजना से पहाड़ी कोरवा परिवारों का पक्के घर का सपना साकार, तीन परिवारों ने किया गृह प्रवेश

WhatsApp Channel Join Now
पीएम जनमन योजना से पहाड़ी कोरवा परिवारों का पक्के घर का सपना साकार, तीन परिवारों ने किया गृह प्रवेश


बलरामपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने राजपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत घटगांव में योजना से निर्मित आवासों का फीता काटकर तीन पहाड़ी कोरवा परिवारों को गृह प्रवेश कराया।

नए आवास में प्रवेश करने वाले परिवारों में शिवधर पहाड़ी कोरवा, दिलसाय पहाड़ी कोरवा और लल्लू पहाड़ी कोरवा के परिवार शामिल हैं। पक्का घर मिलने से इन परिवारों के लिए सुरक्षित आवास का सपना पूरा हुआ।

गृह प्रवेश के बाद विधायक पैकरा ने परिवारों की माताओं-बहनों से आत्मीय बातचीत की और उनके सुख-दुख की जानकारी ली। उन्होंने परिवारों से शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की भी अपील की।

पक्के आवास मिलने पर पहाड़ी कोरवा परिवारों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर जनपद पंचायत राजपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय दुबे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story