पीएम जनमन से बदल रही कमार जनजाति की तस्वीर, विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे परिवार

WhatsApp Channel Join Now
पीएम जनमन से बदल रही कमार जनजाति की तस्वीर, विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे परिवार


धमतरी, 13 नवंबर (हि.स.)। जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, संस्कृति और विशिष्ट पहचान को संरक्षित रखते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास धमतरी जिले में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत आवास, सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए धमतरी जिले को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जाना भी जिले की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

जिले में कमार परिवारों के लिए 1,481 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें अधिकांश आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष निर्माण कार्य आगामी चार माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत सांकरा के आश्रित ग्राम मसानडबरा में कमार परिवारों के लिए विशेष आवासीय कॉलोनी विकसित की गई है। इसे देश की दूसरी और छत्तीसगढ़ की पहली पीएम जनमन कॉलोनी के रूप में पहचान मिली है। यहां आवास के साथ जरूरी सुविधाओं और सामुदायिक जीवन को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। वनांचल की बसाहटों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए 36 सड़कों का निर्माण स्वीकृत किया गया है। इनकी कुल लागत 1,341.60 लाख रुपये है। सड़कों के बनने से ग्रामीणों को बाजार, स्कूल, अस्पताल और शासकीय सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी। जल जीवन मिशन के तहत घरों में पेयजल की व्यवस्था और विद्युतीकरण का कार्य भी पूरा किया जा चुका है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के परिवारों को बुनियादी सुविधाएं उनके घरों तक उपलब्ध हो रही हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में कमार बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए कमार विद्यालय को उच्चीकृत कर कक्षा दसवीं से बारहवीं तक संचालित करने की प्रक्रिया जारी है। नगरी विकासखंड के बाजार कुर्रीडीह में 50 सीटर बालक छात्रावास का निर्माण कराया जा रहा है, जिसे जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य है। छात्रावास बनने से विद्यार्थियों को सुरक्षित आवास और पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। वहीं, बोईरगांव में बहुउद्देश्यीय केंद्र के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आजीविका संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए शिक्षण सामग्री और खिलौनों की व्यवस्था की गई है। कमार समुदाय के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने के लिए आयुष्मान भारत योजना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच जैसी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पात्र परिवारों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ दूरस्थ बसाहटों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विकास को आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए बेलरगांव, कसपुर, बोरई, कुकरेल, सिंगपुर, दुगली और केरेगांव में व्यावसायिक परिसर विकसित करने की पहल की जा रही है। इससे स्थानीय लोगों को दुकान और कारोबार शुरू करने का अवसर मिलेगा तथा स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। ग्राम पिपरहीभर्री में एकीकृत ग्राम योजना एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत संसाधन मानचित्रण, विकास संबंधी जरूरतों का आकलन, लघुवनोपज प्रबंधन और आजीविका कार्ययोजनाओं का दस्तावेजीकरण किया गया है। इसका उद्देश्य स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर रोजगार के अवसर बढ़ाना है। बोरई में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल स्थापित करने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है। इसके लिए स्थल का चयन किया जा चुका है। छत्तीसगढ़, ओडिशा और कांकेर जिले को जोड़ने वाले इस क्षेत्र में बस टर्मिनल बनने से परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय युवाओं और छोटे व्यापारियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

पीएम जनमन के तहत जिले की 133 जनजातीय बसाहटों में त्वरित गतिविधियों की शत-प्रतिशत संतृप्ति हासिल की गई है। इसका उद्देश्य पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उन्हें मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना है। जिला प्रशासन विभिन्न विभागों के समन्वय से योजनाओं की नियमित निगरानी कर रहा है, ताकि विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर यह पहल जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता के संकल्प को भी मजबूत करती है। कमार समुदाय की भाषा, लोककला, लोकनृत्य, पारंपरिक ज्ञान और जीवनशैली हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। इसलिए विकास के साथ इनकी पहचान और परंपराओं को संरक्षित रखने पर भी जोर दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776353 Articles

Share this story