कोरबा: पीएम-जनमन से नरबदा के दलदली पारा तक पहुंची पक्की सड़क, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
कोरबा, 09 अक्टूबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से कोरबा विकासखंड के ग्राम नरबदा से दलदली पारा तक करीब एक किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण कराया गया है। इस सड़क के बनने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और मरीजों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है। अब बाजार, शहर, स्कूल और अस्पताल तक पहुंचना पहले की तुलना में आसान हो गया है।
सड़क निर्माण से पहले दलदली पारा के ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। कच्चे और असुविधाजनक रास्ते के कारण बरसात सहित अन्य मौसमों में आवागमन कठिन हो जाता था। विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने के लिए मुश्किल रास्तों से गुजरना पड़ता था। वहीं, गांव में किसी के बीमार होने पर एंबुलेंस पहुंचाने में भी परेशानी होती थी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
अब पक्की सड़क बनने से गांव तक वाहनों की आवाजाही सुगम हो गई है। ग्रामीण आसानी से बाजार और शहर पहुंच पा रहे हैं। विद्यार्थियों के लिए स्कूल आने-जाने का रास्ता भी सुविधाजनक हुआ है। इसके साथ ही आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की पहुंच आसान हुई है।
ग्राम निवासी पंसारी बाई ने बताया कि पहले बाजार जाने, बच्चों को स्कूल पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस बुलाने में काफी परेशानी होती थी। सड़क बनने के बाद गांव में आवागमन की सुविधा बेहतर हुई है। वहीं, ग्रामीण बल सिंह ने कहा कि पक्की सड़क बनने से रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में अब पहले जैसी कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ता।
नरबदा से दलदली पारा तक बनी यह सड़क ग्रामीणों के लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंच आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सड़क निर्माण से मिली राहत पर ग्रामीणों ने शासन के प्रति आभार जताया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

