शिव जयंती पर आत्मउन्नति और सकारात्मक परिवर्तन की ली गई प्रतिज्ञा
धमतरी में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया त्रिमूर्ति शिव जयंती पर्व
धमतरी, 05 फ़रवरी (हि.स.)। ब्रह्माकुमारीज दिव्यधाम में गुरुवार काे 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती पर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शिव ध्वज के नीचे उपस्थित श्रद्धालुओं ने अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और आत्मउन्नति लाने की प्रतिज्ञा ली।
कार्यक्रम में महापौर रामू रोहरा, डॉ. मुरारी वसानी, डॉ. श्रुति वसानी की गरिमामयी उपस्थिति में सरिता दीदी के सानिध्य में शिव ध्वज फहराया गया। प्राजक्ता बहन ने सभी को सकारात्मक जीवन के लिए प्रतिज्ञा दिलाई। ध्वज फहराने के पश्चात अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने सहस्त्र शिवलिंग झांकी के दर्शन किए। साथ ही द्वादश ज्योतिर्लिंग झांकी एवं जलहरी शिवलिंग का दीप प्रज्वलन कर विधिवत उद्घाटन किया गया।
शिवरात्रि पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सरिता दीदी ने कहा कि आज विश्व में बढ़ते दुःख, अशांति, भ्रष्टाचार एवं विकारों से मानवता को मुक्त करने के लिए परमात्मा शिव का अवतरण सन 1936 में इस धरा पर हुआ। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व 15 फरवरी को मनाया जाएगा तथा आज से 15 फरवरी तक सभी को पाँच नियमों को व्रत रूप में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। इनमें क्रोध न करना, नकारात्मक विचारों से दूर रहना, प्रातः कम से कम 5 बजे उठना, इच्छाओं को सीमित कर देने की भावना रखना तथा सुबह उठने के बाद एक घंटे तक मोबाइल का प्रयोग न करना शामिल है। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि इस पावन अवसर पर शिव ध्वज फहराना उनके लिए सौभाग्य की बात है। यहाँ आकर सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि के दिन हम सभी को अपने भीतर की बुराइयों को परमात्मा शिव को अर्पित करना चाहिए।
डॉ. मुरारी वसानी एवं डॉ. श्रुति वसानी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। डॉ. श्रुति वसानी ने कहा कि सरिता दीदी द्वारा बताए गए पाँच व्रतों को अपने जीवन में धारण करने का वे पूर्ण प्रयास करेंगी। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने शिव झांकियों के दिव्य दर्शन किए, फूल-नारियल अर्पित किए एवं प्रसाद ग्रहण किया। यह झांकी शहरवासियों के दर्शनार्थ पांच फरवरी से 17 फरवरी तक प्रतिदिन संध्या पांच बजे से नौ बजे तक खुली रहेगी। इसके पश्चात 18 से 24 फरवरी तक “जीवन में सुख एवं शांति के लिए तनाव प्रबंधन के आध्यात्मिक सूत्र” विषय पर सात दिवसीय शिविर का आयोजन ब्रह्माकुमारीज सेंटर दिव्य धाम में किया जाएगा, जिसका समय प्रातः एवं शाम सात से आठ बजे तक रहेगा। कार्यक्रम में शहर के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी प्राजक्ता बहन ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

