35 स्कूलों में बदलेगी तस्वीर, लघु निर्माण कार्यों के लिए 2.97 करोड़ की स्वीकृति

WhatsApp Channel Join Now
35 स्कूलों में बदलेगी तस्वीर, लघु निर्माण कार्यों के लिए 2.97 करोड़ की स्वीकृति


प्रार्थना शेड, अतिरिक्त कक्ष और मरम्मत कार्यों से मजबूत होगा शैक्षणिक ढांचा

धमतरी, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले के शासकीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत 35 स्कूलों में लघु निर्माण कार्यों के लिए 2 करोड़ 97 लाख 38 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

यह स्वीकृति लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ के निर्देश पर जारी की गई है, जिसके अंतर्गत जिले के प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाएंगे।

कलेक्टर कार्यालय से मंगलवार काे जारी आदेश के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच को निर्माण एजेंसी तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को क्रियान्वयन एजेंसी बनाया गया है। वहीं शहरी क्षेत्र के विद्यालयों में निर्माण कार्य की जिम्मेदारी नगर पालिक निगम धमतरी को सौंपी गई है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि स्वीकृत राशि का उपयोग केवल निर्धारित कार्यों में ही किया जाए। साथ ही, कार्य प्रारंभ से पहले और दौरान की जानकारी तथा फोटोग्राफ जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

हर निर्माण स्थल पर सूचना पट्ट लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और आमजन को जानकारी मिल सके। जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल स्कूलों का भौतिक ढांचा बेहतर होगा, बल्कि विद्यार्थियों को सुविधाजनक वातावरण मिलने से उनकी पढ़ाई की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। यह योजना जिले में शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही।

35 स्कूलों को मिलेगा लाभ

योजना के तहत धमतरी विकासखंड के 23, नगरी के 8 और कुरूद के 4 विद्यालयों का चयन किया गया है। इन स्कूलों में प्रार्थना शेड, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, टीन शेड और भवन मरम्मत जैसे कार्य किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story