मजदूरों से भरी पिकअप पुलिया के डिवाइडर से टकराई, 13 घायल
धमतरी, 01 सितंबर (हि.स.)। महिलाओं से भरी पिकअप तेज रफ्तार ट्रेक्टर को ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर पुल के डिवाइडर से जा टकराई। हादसा से वाहन में सवार महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में 13 मजदूर घायल हुए है। इनमें से चार महिला मजदूरों की स्थिति गंभीर है, जिन्हें रिफर किया गया है।
कुरूद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक सितंबर की सुबह करीब साढ़े सात बजे ग्राम सिवनीखुर्द से 12 महिला और पांच पुरुष समेत कुल 17 मजदूर खेती कार्य के लिए पिकअप वाहन में सवार होकर ग्राम आलेखुंटा के लिए निकले थे। इस दौरान ग्राम कातलबोड़ के पास पिकअप चालक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर पुलिया के डिवाइडर से जा टकराई।
हादसा में सिवनीखुर्द निवासी ज्योति कंवर, पूर्णिमा पटेल, कुंती पटेल और दिनेश्वरी को छाती एवं सिर में गंभीर चोटें आईं है। वहीं जामुन साहू 30 वर्ष, सोमनी पटेल 35 वर्ष, रेवती ध्रुव 48 वर्ष, अशोक कुमार, शेषनारायण साहू, परमानंद ध्रुव 40 वषग्, पुनुराम पटेल और पिकअप चालक हेमराज अंसारी सहित अन्य मजदूर घायल हुए है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए तत्काल सिविल अस्पताल कुरूद पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर रूप से घायल महिलाओं को बेहतर उपचार के लिए धमतरी रेफर किया गया है। घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई थी। कुरूद पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पिकअप चालक के खिलाफ पुलिस जुर्म दर्ज कर जांच में जुट गई है। मालूम हाे कि इन दिनों खेतों की निंदाई के लिए मालवाहक वाहन पिकअप और कृषि ट्रेक्टर-ट्राली समेत अन्य वाहनों में महिला व पुरूष मजदूरों को खचाखच भरकर ले जा रहे हैं, इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। अधिकांश मालवाहक वाहन गंभीर नहीं है, इससे दुर्घटनाएं हो रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

