जांजगीर-चांपा में रफ्तार का कहर, पिकअप और माेटरसाइकिल की टक्कर में 19 वर्षीय युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में रफ्तार का कहर, पिकअप और माेटरसाइकिल की टक्कर में 19 वर्षीय युवक की मौत


जांजगीर-चांपा, 08 मार्च (हि. स.)। जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां आज रविवार सुबह पिकअप वाहन और माेटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा नवागढ़ थाना क्षेत्र के सेमरा-अवरिद मार्ग पर हुआ। घटना के बाद पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भैंसों मदनपुर निवासी 19 वर्षीय अभिषेक कश्यप अपनी मां को लेकर अवरीद गांव एक रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में गया था। मां को समारोह स्थल पर छोड़ने के बाद अभिषेक माेटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सेमरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रही माेटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि माेटरसाइकिल सवार अभिषेक कश्यप सड़क किनारे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन व माेटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने मृतक अभिषेक कश्यप के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। इस घटना से मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story