यात्री परिवहन करते पिकअप वाहन जब्त, दो पिकअप और ऑटो पर सात हजार रुपये का जुर्माना
बलरामपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन और सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज रविवार को विकासखंड राजपुर में मालवाहक पिकअप वाहन में यात्रियों का परिवहन करते पाए जाने पर परिवहन विभाग ने वाहन को जब्त कर राजपुर थाना के सुपुर्द किया है।
परिवहन विभाग की कार्रवाई के दौरान दो अन्य पिकअप वाहनों और एक ऑटो के विरुद्ध भी नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई की गई। इन वाहनों से कुल 7 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने विशेष रूप से मालवाहक वाहनों में यात्रियों का परिवहन नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करना जरूरी है और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

