अंबिकापुर : माफी के साथ खत्म हुआ पीएचई विवाद, शिकायतकर्ता ने खुद स्वीकारी गलती, आरोप निकले निराधार

WhatsApp Channel Join Now
अंबिकापुर : माफी के साथ खत्म हुआ पीएचई विवाद, शिकायतकर्ता ने खुद स्वीकारी गलती, आरोप निकले निराधार


अंबिकापुर, 31 मार्च (हि.स.)। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) खण्ड अंबिकापुर से जुड़े विवादित प्रकरण में नया मोड़ सामने आया है। शिकायतकर्ता रजनीकांत ने कलेक्टर कार्यालय सरगुजा में उपस्थित होकर लिखित अभ्यावेदन दिया और पूर्व में लगाए गए आरोपों को लेकर अपनी त्रुटि स्वीकार की। उन्होंने यह भी माना कि उनके द्वारा मीडिया में दी गई जानकारी भ्रामक थी।

अपने निवेदन में रजनीकांत ने स्पष्ट किया कि, वे विभाग में किसी भी प्रकार से ठेकेदार के रूप में अनुबंधित नहीं हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि बहकावे में आकर विभाग के खिलाफ गलत शिकायत दर्ज कराई और इसे सार्वजनिक भी किया। इस पूरे घटनाक्रम के लिए उन्होंने लिखित रूप से माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने का आश्वासन दिया।

इस मामले में विभागीय अधिकारियों पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार पाए गए हैं। खुद शिकायतकर्ता द्वारा सच्चाई सामने लाए जाने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई थी।

इधर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग खण्ड अंबिकापुर ने आमजन और मीडिया से अपील की है कि, इस तरह के मामलों में केवल सत्य और प्रमाणित तथ्यों का ही प्रकाशन-प्रसारण किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story