शौचालय, पेयजल और निःशुल्क एयर सुविधा में मिली खामियां,रायगढ़ जिले के 8 पेट्रोल पंप सील

WhatsApp Channel Join Now
शौचालय, पेयजल और निःशुल्क एयर सुविधा में मिली खामियां,रायगढ़ जिले के 8 पेट्रोल पंप सील


रायगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी करना संचालकों को भारी पड़ गया। रायगढ़ जिले में निरीक्षण के दौरान शौचालय, स्वच्छ पेयजल और वाहनों में निःशुल्क हवा भरने जैसी अनिवार्य सुविधाओं में कमी पाए जाने पर प्रशासन ने 8 पेट्रोल पंपों का विक्रय आगामी आदेश तक बंद कर उन्हें सील कर दिया है। राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मच गया है।

25 नवंबर को जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों में किए गए निरीक्षण के दौरान निर्धारित मानकों और नागरिक सुविधाओं में गंभीर लापरवाही सामने आई। इसके बाद संबंधित पंपों के विरुद्ध मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (प्रदाय तथा वितरण विनियमन और अनाचार निवारण) आदेश, 2005 तथा एलओआई की शर्तों के उल्लंघन के आधार पर कार्रवाई की गई।

प्रशासनिक कार्रवाई के दायरे में अंगुरी पेट्रोलियम, श्री हरि पेट्रोलियम, श्री बजरंग फ्यूल्स, राधाकिशन फ्यूल्स (अंजोरीपाली, खरसिया), नरेंद्र केएसके (राजपुर), एमएस हेमकुंड फ्यूल्स (कुरमापाली, रायगढ़), मेसर्स रायगढ़ सिटी फ्यूल्स (जूटमिल) और बाबा फिलिंग स्टेशन (धरमजयगढ़) शामिल हैं।

गौरतलब है कि प्रशासन ने जिले के सभी पेट्रोल-डीजल पंपों में नागरिक सुविधाओं का स्तर बेहतर बनाने के निर्देश दिए थे। महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग स्वच्छ शौचालय, नियमित साफ-सफाई, बेहतर सैनिटेशन और हाइजीन व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही एयरपोर्ट स्तर की स्वच्छता विकसित करने पर जोर दिया गया था। इसके बावजूद निरीक्षण में कई पंपों पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव मिला। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाया।

प्रशासन ने तेल कंपनियों और पेट्रोल पंप संचालकों को प्रत्येक पंप पर स्वच्छ पेयजल, निःशुल्क एयर सुविधा, प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड बॉक्स, शिकायत एवं सुझाव पेटी तथा फोन और आपातकालीन संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सड़क से लगे पेट्रोल पंपों के एप्रोच एरिया में भी आवश्यक सुधार करने को कहा गया है, ताकि वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।

निर्देशों के अनुसार ए-साइट पेट्रोल पंपों में संबंधित तेल कंपनियों और बी-साइट पंपों में डीलर एवं संचालकों को शौचालय सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पेट्रोल पंपों की जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story