पेट्रोल 108 के पार, डीजल भी शतक के ऊपर

WhatsApp Channel Join Now
पेट्रोल 108 के पार, डीजल भी शतक के ऊपर


लगातार चौथी बढ़ोतरी से महंगाई की मार तेज, आम लोगों का बिगड़ने लगा बजट

धमतरी, 25 मई (हि.स.)। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को केन्द्र सरकार द्वारा एक बार फिर ईंधन के दामों में बढ़ोतरी किए जाने के बाद धमतरी में पेट्रोल 108.56 रुपये और डीजल 101.81 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया।

बढ़ी हुई कीमतों का सीधा असर अब आम जनता की जेब पर पड़ने लगा है। पिछले 11 दिनों के भीतर पेट्रोल-डीजल के दामों में यह चौथी वृद्धि है। 15 मई को पेट्रोल में 3.12 रुपये और डीजल में 3.16 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद 19 मई को पेट्रोल 90 पैसे और डीजल 96 पैसे महंगा हुआ। 23 मई को फिर पेट्रोल में 89 पैसे तथा डीजल में 96 पैसे की वृद्धि की गई। अब 25 मई को चौथी बार बड़ी बढ़ोतरी करते हुए पेट्रोल 2.71 रुपये और डीजल 2.85 रुपये प्रति लीटर महंगा कर दिया गया। लगातार बढ़ती कीमतों से परिवहन खर्च बढ़ने लगा है, जिसका असर धीरे-धीरे खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर भी दिखाई देने लगा है।

व्यापारी अनिल कुमार साहू, जयलाल देवांगन, सुनील जैन का कहना है कि डीजल महंगा होने से माल ढुलाई की लागत बढ़ रही है, जिससे आने वाले दिनों में बाजार में और महंगाई बढ़ सकती है। शहरवासियों का कहना है कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। नौकरीपेशा, छोटे व्यापारी और मध्यमवर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। लोगों को अब रोजमर्रा के खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story