सीआरपीएफ मुख्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह में जवानों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ

WhatsApp Channel Join Now
सीआरपीएफ मुख्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह में जवानों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ


बीजापुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में तैनात 170वीं वाहिनी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल मुख्यालय के प्रांगण में कमांडेंट सरकार राजा रमन के नेतृत्व में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया गया।आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जवानों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा दिलाई गई।

इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की मुख्य थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” रखी गई है। केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं जवानों में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही की भावना को मजबूत करना तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम के दौरान वाहिनी मुख्यालय सहित अधीनस्थ कंपनियों में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों को “नागरिकों के लिए सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा” दिलाई गई। इस दौरान सभी ने देश की आर्थिक, राजनीतिक एवं सामाजिक प्रगति में भ्रष्टाचार को एक बड़ी बाधा मानते हुए अपने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी और कानून के नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

प्रतिज्ञा के माध्यम से जवानों ने न तो रिश्वत लेने और न ही देने, अपने सभी कार्य ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ करने तथा व्यक्तिगत आचरण में सत्यनिष्ठा बनाए रखने का संकल्प दोहराया। साथ ही समाज में ईमानदारी की मिसाल कायम करने और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को अपनाकर ही देश की प्रगति एवं समृद्धि को गति दी जा सकती है। कार्यक्रम में वाहिनी के अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण एवं सभी जवान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767119 Articles

Share this story