सूरजागढ़ माइंस के वाहनों को शुरू करने लोगों ने निकाली रैली साैंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
सूरजागढ़ माइंस के वाहनों को शुरू करने लोगों ने निकाली रैली साैंपा ज्ञापन


कांकेर, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले के सूरजागढ़ माइंस के वाहनों की आवाजाही अभी बंद है, अब इन वाहनों की आवाजाही को शुरू करने की मांग तेज हो गई है। इसे लेकर आज साेमवार काे स्थानीय लोगों ने रैली निकालकर सूरजागढ़ माइंस के वाहनों की आवाजाही शुरू करने की मांग की है। माइंस से जुड़े स्थानीय युवा, कर्मचारी और उनके परिवार बड़ी संख्या में सड़क पर उतरे और पखांजूर नगर में रैली निकालकर वाहनों की आवाजाही शुरू करने की मांग की। रैली के बाद प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर के नाम नयाब तहसीलदार पखांजूर विकास कुमार सैनी को ज्ञापन सौंपा।

रैली का आयोजन पखांजूर के मेला ग्राउंड से किया गया, यहां बड़ी संख्या में माइंस से जुड़े कर्मचारी, स्थानीय युवा और उनके परिजन जुटे. रैली मेला ग्राउंड से निकलकर नया बाजार और पुराना बाजार होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हमें रोजगार चाहिए के नारे लगाए. परिवारों ने रोजगार बचाओ, परिवार बचाओ और माइंस की गाड़ियां चालू करना होगा के नारे लगाए। प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ माइंस से जुड़े स्थानीय रोजगार को सुरक्षित रखने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा और रोजगार, दोनों को ध्यान में रखते हुए जल्द समाधान निकाला जाना चाहिए. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर माइंस वाहनों की आवाजाही नहीं शुरू हुई तो यह आंदोलन और तेज होगा।

ग्रामीण महिला स्मृति मंड़ावी ने कहा कि माइंस में प्रत्यक्ष रोजगार के अलावा वाहन संचालन, वाहन देखरेख, सुरक्षा, पेट्रोलिंग और अन्य गतिविधियों से भी बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। इसलिए इसे शुरू करना चाहिए। पिछले कुछ दिनों से माइंस वाहनों की आवाजाही बंद होने से सूरजागढ़ माइंस से जुड़े स्थानीय लोगों के सामने रोजगार और आर्थिक संकट की स्थिति बनने लगी है।

नयाब तहसीलदार पखांजूर विकास कुमार सैनी ने बताया कि कलेक्टर के नाम के नाम सूरजागढ़ माइंस के वाहनों की आवाजाही पुन: शुरू करने की मांग का ज्ञापन मिला है, कलेक्टर तक ज्ञापन पंहुचाकर आगे क्या करना है आदेशानुसार किया जायेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story