पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारियों ने दिया धरना, मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारियों ने दिया धरना, मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी


धमतरी, 03 अगस्त (हि.स.)। पदोन्नति, वेतन विसंगति सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर राजस्व पटवारी संघ जिला धमतरी के बैनर तले सोमवार को पटवारियों ने गांधी मैदान में एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। सामूहिक अवकाश पर रहे पटवारियों ने शासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग उठाई।

संघ के अध्यक्ष वासुदेव भोई, कार्यकारी जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र ध्रुव, सचिव विकास साहू सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि वर्षों से लंबित मांगों पर शासन गंभीरता नहीं दिखा रहा है, जिससे पटवारियों को आर्थिक और प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मांगों के संबंध में 27 जुलाई को कलेक्टर के माध्यम से राजस्व सचिव को ज्ञापन सौंपा गया था, जिसमें पटवारियों की पदोन्नति एवं वेतन विसंगति दूर करने, वर्षाकाल में नक्शा बटांकन कार्य स्थगित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वामित्व योजना के तहत आबादी सर्वेक्षण में होने वाले व्यय का भुगतान करने, डीसीएस कार्य, डीसीएस सर्वेयरों की नियुक्ति एवं एग्रीस्टेक (किसान पंजीयन) से जुड़े कार्यों के लिए आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कार्यालय आधारित ऑनलाइन उपस्थिति लागू करने के बजाय मैदानी कार्य की प्रकृति के अनुरूप वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग शामिल है। संघ का कहना है कि 2 अगस्त तक मांगों का समाधान नहीं होने के कारण पटवारियों को 3 अगस्त को सांकेतिक धरना-प्रदर्शन करना पड़ा। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

धरना-प्रदर्शन में उपाध्यक्ष प्रकाश साहू, राजेश चंद्राकर, सह-सचिव संगीता साहू, हिरेन्द्र सिन्हा, कोषाध्यक्ष विनोद पटेल, जिला संयोजक किशोर कश्यप, पन्नालाल ठाकुर, सह-संयोजक दीपक नेताम, संगठन मंत्री खोवाराम साहू, डोमन प्रकाश बंजारे, हेमंत चंद्राकर, नवीन चंद्राकर, प्रवक्ता विवेक जैन, लोकेश गंजीर, प्रचार मंत्री मोहम्मद इरफान, अर्चना तिर्की, बबिता साहू, योगेन्द्र श्रीमाली, महिला प्रकोष्ठ की रजनी आनेश्वरी, झरना कौशिक, अन्नू सिंह, पूजा तिवारी, लक्ष्मी धनेश्कर, सुमन राजपूत सहित बड़ी संख्या में पटवारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story