पटवारियों के काम आरआई को सौंपने के आदेश का विरोध

WhatsApp Channel Join Now
पटवारियों के काम आरआई को सौंपने के आदेश का विरोध


धमतरी, 17 नवंबर (हि.स.)। पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच उनके कामों का अतिरिक्त दायित्व राजस्व निरीक्षकों को सौंपे जाने के आदेश से नाराज राजस्व निरीक्षकों ने मंगलवार को मोर्चा खोल दिया। छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक संघ के आह्वान पर जिले के राजस्व निरीक्षक सामूहिक अवकाश लेकर गांधी मैदान में सांकेतिक प्रदर्शन किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आठ सूत्री लंबित मांगों के निराकरण के साथ अतिरिक्त कार्यभार सौंपने संबंधी आदेशों पर उचित दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।

छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक संघ जिला शाखा धमतरी के अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, सहसचिव उमेश राव शेंद्रे, सचिव संजय तिवारी और कोषाध्यक्ष संजय सोनी ने बताया कि पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण उनके कार्यों का अतिरिक्त दायित्व राजस्व निरीक्षकों को सौंपा जा रहा है। इसमें डिजिटल क्राप सर्वे (डीसीएस) का अनुमोदन, पीवी एप से फसल सर्वेक्षण, एग्रीस्टेक फार्मर रजिस्ट्री के बकेट क्लेम का अनुमोदन, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों का सत्यापन सहित अन्य राजस्व कार्य शामिल हैं। कई जिलों में पटवारी हल्कों का प्रभार भी राजस्व निरीक्षकों को देने के आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 30 राजस्व निरीक्षक कार्यरत हैं। इनमें 22 राजस्व निरीक्षक सर्किल में और आठ नजूल एवं डायवर्सन के कार्यों में पदस्थ हैं।

राजस्व निरीक्षकों की मूल जिम्मेदारी अधीनस्थ कर्मचारियों का निरीक्षण और पर्यवेक्षण करना है। पहले से निर्धारित कार्यों के साथ पटवारियों के कामों का अतिरिक्त दायित्व मिलने से कार्यभार बढ़ेगा। बिना पर्याप्त संसाधन और व्यवस्था के सभी कार्य समय-सीमा में पूरा करना भी व्यावहारिक नहीं है। इसका असर किसानों और आम लोगों के राजस्व संबंधी कामों पर पड़ सकता है।संघ ने बजट में स्वीकृत संसाधन भत्ता और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने, फसल कटाई प्रयोग का मानदेय देने, चैनमैन की व्यवस्था करने, वेतन विसंगति दूर करने, समयबद्ध पदोन्नति सुनिश्चित करने, रिक्त राजस्व निरीक्षक मंडलों में भर्ती करने तथा अतिरिक्त प्रभार के लिए मानदेय देने की मांग की है।

इसके अलावा विभागीय पदोन्नति में निर्धारित प्रतिशत बढ़ाने की मांग भी उठाई है। इस दौरान संघ के संरक्षक मनोज चंद्राकर, दीपचंद भारती, शंभू नेताम, जीपी कोसरिया, मनीष ध्रुव, अजय दुग्गा, विजय पटेल, प्रमोद ठाकुर सहित अन्य राजस्व निरीक्षक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778840 Articles

Share this story