नई अधिसूचना से बढ़ा यात्री किराया, यात्रियों की जेबें फिर होंगी ढीली

WhatsApp Channel Join Now
नई अधिसूचना से बढ़ा यात्री किराया, यात्रियों की जेबें फिर होंगी ढीली


धमतरी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। छग परिवहन विभाग ने 12 अक्टूबर को नई अधिसूचना जारी कर प्रदेशभर में यात्री बसों का बढ़े हुए दर से किराया निर्धारित किया है। नई अधिसूचना के अनुसार पहले से तय किराया में 30 से 35 फीसदी किराया की बढ़ोत्तरी हुई है, इसका सीधा असर यात्रियों की जेब पर पड़ेगा। अधिसूचना जारी होने के महीनों पहले से लक्जरी यात्री बसों में धमतरी से रायपुर की किराया 150 रुपये यात्रियों से वसूला जा रहा है, जो नियम विरूद्ध है। अब छग परिवहन विभाग से जारी नई अधिसूचना के अनुसार लक्जरी बसों में यात्री किराया और बढ़ने की आशंका है। क्योंकि सामान्य यात्री बसों में धमतरी से रायपुर की किराया 140 रुपये निर्धारित हो गई है, ऐसे में लक्जरी बसों का टिकट और बढ़ जाएगा, इसका सीधा असर यात्रियों की जेबों पर पड़ेगा।

साधारण बस, डीलक्स, सुपर डीलक्स, रात्रिकालीन का अलग-अलग दर बढ़ाया गया है। जारी अधिसूचना के अनुसार, साधारण बसों का किराया 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 1.75 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। प्रति किलोमीटर 50 पैसे यानि करीब 35 से 40 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी होने से लंबी दूरी के यात्रियों सहित दैनिक यात्रियों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। छग परिवहन विभाग की जारी अधिसूचना के मुताबिक साधारण बसों में शुरुआती पांच किलोमीटर का किराया 10 रुपये निर्धारित किया गया है और इसके आगे 1.75 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान करना होगा। अब साधारण बस में धमतरी से रायपुर का किराया 140 रुपये, धमतरी से नगरी 115 रुपये, धमतरी से बालोद 80 रुपये, धमतरी से मगरलोड 80 रुपये, धमतरी से दुर्ग 125 रुपये, धमतरी से कुरूद 40 रुपये, रायपुर से अभनपुर 50 रुपये, रायपुर से कुरूद 100 रुपये तक हो गया है।

धमतरी बस आपरेटर संघ के अध्यक्ष महावीर गुप्ता ने बताया कि, साधारण बसों के सभी रूट का किराया तय हो चुका है। इसमें कुछ जगहों के किराया को राउंड फिगर में किया गया है, जैसे 38.40 की जगह 40 रुपये किया गया है। वहीं 41.25 रुपये की जगह 40 रुपये किया गया है, ताकि चिल्लर की दिक्कत न हो। जारी अधिसूचना के अनुसार, डीलक्स बसों में पहले पांच किलोमीटर के लिए 12 रुपये और उसके बाद 2.20 रुपये प्रति किलोमीटर की दर तय की गई है। डीलक्स एसी स्लीपर और सेमी-स्लीपर बसों का किराया 3.20 रुपये प्रति किलोमीटर तय हुआ है। वोल्वो और सुपर लग्जरी एसी बसों में यात्रा के लिए 3.30 रुपये प्रति किलोमीटर का भुगतान करना पड़ेगा। इसके अलावा रात के समय चलने वाली साधारण बस सेवाओं में यात्रियों को 10 प्रतिशत अतिरिक्त किराया लगेगा। हालांकि धमतरी में अभी वास्तविक किराया सूची नहीं बनी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760990 Articles

Share this story