शासकीय नवीन महाविद्यालय बेरला में भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया
बेमेतरा, 14 अगस्त (हि.स.)। शासकीय नवीन महाविद्यालय बेरला में आज शुक्रवार काे भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वर्ष 1947 में भारत विभाजन के दौरान विस्थापन, हिंसा, परिवारों के बिछड़ने तथा लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा को स्मरण करना और विद्यार्थियों को इतिहास से सीख लेने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थियों ने विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले तथा विस्थापन की पीड़ा झेलने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्राचार्य डॉ आस्था तिवारी ने विभाजन की त्रासदी पर साहित्य के माध्यम से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर वक्ता आनंद कुमार कुर्रे ने कहा कि विभाजन की त्रासदी हमें एकता, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय अखंडता के महत्व का संदेश देती है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि हमें इतिहास की घटनाओं से सीख लेकर समाज में आपसी सम्मान, शांति और सद्भाव की भावना को मजबूत करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ आस्था तिवारी सहायक प्राध्यापक आशीष एक्का , खुशबू ध्रुव एवं अधिक संख्या में छात्र छात्राए उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन युवराज पावले ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

