जांजगीर चांपा: सीएससी सेंटर में डेटोनेटर विस्फोट से मचा हड़कंप, तीन आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 06 अप्रैल (हि.स.)।जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनाहिल स्थित वेदान्त सर्विस सीएससी सेंटर में डेटोनेटर फटने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। इस विस्फोट में कंप्यूटर उपकरण, कुर्सी, टेबल सहित अन्य सामग्री को भारी नुकसान पहुंचा, वहीं संचालक को भी चोट आई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज सोमवार को तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी भूपेन्द्र कुमार साहू, निवासी धरदेई थाना शिवरीनारायण, वर्तमान में बनाहिल में स्टेट बैंक के पास किराये के मकान में रहकर वेदान्त सर्विस के नाम से सीएससी सेंटर संचालित करता है। रविवार देर रात करीब 11:45 बजे उसे दुकान का शटर खुलने-बंद होने की आवाज सुनाई दी। जब वह कमरे से बाहर निकलकर दुकान पहुंचा तो अंदर धुआं भरा हुआ था और कोई रस्सीनुमा वस्तु जलती हुई दिखाई दी।
भूपेन्द्र ने जब उस वस्तु को उठाकर देखा तो वह विस्फोटक डेटोनेटर निकला, जिसमें चार डेटोनेटर जुड़े हुए थे। उसने तुरंत उसे दुकान के बाहर फेंका, लेकिन कुछ ही क्षण में जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट के कारण दुकान में रखे कंप्यूटर, सीपीयू, प्रिंटर, कुर्सियां और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में भूपेन्द्र के बाएं पैर में भी चोट आई है।
सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस एवं साइबर टीम मौके पर पहुंची। साथ ही फोरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में रूपेश कुमार वर्मा (41 वर्ष), रमन कुमार कैवर्त्य (32 वर्ष) एवं अनुज केंवट (45 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

