पकरिया-झू में लगा सेवा सेतु शिविर, 263 प्रकरणों में 13.14 करोड़ का ऋण स्वीकृत

WhatsApp Channel Join Now
पकरिया-झू में लगा सेवा सेतु शिविर, 263 प्रकरणों में 13.14 करोड़ का ऋण स्वीकृत


पकरिया-झू में लगा सेवा सेतु शिविर, 263 प्रकरणों में 13.14 करोड़ का ऋण स्वीकृत


पकरिया-झू में लगा सेवा सेतु शिविर, 263 प्रकरणों में 13.14 करोड़ का ऋण स्वीकृत


जांजगीर-चांपा, 1 अक्टूबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु अभियान ‘सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत अकलतरा विकासखंड की ग्राम पंचायत पकरिया-झू में आज गुरुवार काे विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, प्रमाण पत्रों, स्वास्थ्य सेवाओं और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना रहा।

कलेक्टर ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से शासन स्वयं ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान पूर्व विधायक चुन्नीलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, सुमित प्रताप सिंह और जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

शिविर में स्वच्छता शपथ के माध्यम से स्वच्छ गांव और स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया। अन्नप्राशन कार्यक्रम के जरिए बच्चों के पोषण और स्वस्थ विकास के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। ग्रामीणों को जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र, बी-1, नक्शा, खसरा तथा ऋण पुस्तिका जैसी राजस्व सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना, नोनी सशक्तिकरण योजना, पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और स्वामित्व योजना से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के 112, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के 98 और अटल पेंशन योजना के 15 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति और वितरण के चेक भी प्रदान किए गए। स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए चार आटा चक्की, एक मिनी राइस मिल, एक फोटो कॉपी मशीन और दाे ई-रिक्शा वितरित किए गए। इन संसाधनों से स्थानीयस्तर पर रोजगार और आय के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में नई लखपति दीदियों को सम्मानित करते हुए स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों को रेखांकित किया गया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों को मौके पर ही निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं। पोर्टेबल एक्स-रे, गैर-संचारी रोगों की जांच और नेत्र परीक्षण की सुविधा दी गई। स्वास्थ्य जांच के बाद जरूरत के अनुसार ग्रामीणों को परामर्श और मार्गदर्शन भी दिया गया, जिससे उन्हें जांच के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ी।

आजीविका ऋण मेले में कुल 263 प्रकरणों में 13.14 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई, जबकि 143 प्रकरणों में 10.80 करोड़ रुपये का वितरण किया गया। बिहान योजना के तहत स्व-सहायता समूहों के 123 प्रकरणों में 6.91 करोड़ रुपये स्वीकृत और 60 प्रकरणों में 2.78 करोड़ रुपये वितरित किए गए। मुद्रा ऋण के 21 प्रकरणों में 28 लाख रुपये स्वीकृत हुए और एक प्रकरण में 1 लाख रुपये का वितरण किया गया। महिला उद्यमी ऋण के 16 प्रकरणों में 15 लाख रुपये स्वीकृत तथा 4 प्रकरणों में 4.60 लाख रुपये वितरित किए गए। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत एक क्लेम में 1 लाख रुपये की राशि भी प्रदान की गई।

सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत जिले में आगे भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। 3 अक्टूबर को पामगढ़ के डीएवी स्कूल ग्राउंड, ग्राम पंचायत कुटराबोड़, 5 अक्टूबर को बलौदा के अटल समरसता भवन जावलपुर, 6 अक्टूबर को नवागढ़ के हाई स्कूल परिसर ग्राम पंचायत सेमरा और 8 अक्टूबर को बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत पोड़ीशंकर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला बाजार चौक में शिविर आयोजित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story