पहाड़ी कोरवा शिवधर को मिला पक्का आशियाना, टपकती छत से मिली राहत
बलरामपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। सरकारी योजनाओं का लाभ जब जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचता है, तो उनके जीवन में बड़ा बदलाव आता है। राजपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत घटगांव के पहाड़ी कोरवा परिवार शिवधर की कहानी इसकी मिसाल बनी। मिट्टी की दीवार और कच्ची छत वाले घर में परिवार के साथ जीवन गुजार रहे शिवधर को अब पक्का मकान मिल गया है।
शिवधर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। कच्चे मकान की छत से बारिश के दिनों में पानी टपकता था, जिससे परिवार को काफी परेशानी होती थी। कई बार पूरा फर्श गीला हो जाता था और रात गुजारना भी मुश्किल हो जाता था।
केंद्रीय क्षेत्रीय योजना (पहाड़ी कोरवा मद) के तहत वर्ष 2025-26 में शिवधर के लिए आवास स्वीकृत हुआ। आवास की किस्त मिलने के बाद उन्होंने दो कमरों का पक्का मकान बनाकर उसे पूरा किया। आवास निर्माण के दौरान उन्हें मनरेगा के तहत 90 दिवस की मजदूरी का भुगतान भी मिला।
शिवधर के परिवार को पक्के मकान के साथ पक्का शौचालय, प्रतिमाह एक रुपये किलो की दर से चावल, आयुष्मान भारत योजना और महतारी वंदन योजना का भी लाभ मिल रहा है। इन योजनाओं से परिवार को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा का सहारा मिला है।
पक्का घर मिलने के बाद शिवधर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उनका परिवार चैन की नींद सोता है और बारिश के दौरान छत टपकने की चिंता नहीं रहती। उन्होंने पक्का मकान मिलने पर शासन के प्रति आभार जताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

