स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से पहाड़ी कोरवा महिला ने एक साथ तीन स्वस्थ बच्चों को दिया जन्म

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से पहाड़ी कोरवा महिला ने एक साथ तीन स्वस्थ बच्चों को दिया जन्म


बलरामपुर, 07 सितंबर (हि.स.)।बलरामपुर जिले के दूरस्थ और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।

राजपुर विकासखंड की अति-जोखिम वाली गर्भवती पहाड़ी कोरवा महिला बसंती किसी कारणवश जिला अस्पताल अंबिकापुर से बिना उपचार कराए अपने गांव लौट आई थीं। इसकी जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला सक्रिय हुआ और महिला को आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में तत्काल प्रयास शुरू किए गए।

स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारियों, मितानिन, 102 एंबुलेंस टीम और अस्पताल के चिकित्सकों के बीच समन्वय स्थापित कर महिला को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके बाद बसंती ने तीन स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया। वर्तमान में मां और तीनों नवजात शिशु स्वस्थ हैं और चिकित्सकों की निगरानी में रखे गए हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि अति-जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के मामलों में समय पर पहचान, नियमित निगरानी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल रेफरल बेहद महत्वपूर्ण होता है। दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित मातृत्व की सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने इस मामले में स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले, मितानिन, 102 एंबुलेंस टीम और चिकित्सकों के बीच हुए त्वरित समन्वय की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story