गरियाबंद में समर्थन मूल्य पर धान खरीद का हुआ शुभारंभ, 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा दाम

WhatsApp Channel Join Now
गरियाबंद में समर्थन मूल्य पर धान खरीद का हुआ शुभारंभ, 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा दाम


कलेक्टर शर्मा ने गरियाबंद और बारुला उपार्जन केंद्रों में पहुंचकर किसानों का किया स्वागत

गरियाबंद 15 नवंबर (हि.स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीद का शुभारंभ रविवार काे उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। धान खरीद के पहले दिन कलेक्टर रणबीर शर्मा ने गरियाबंद एवं बारुला धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों में पहुंचकर किसानों से मुलाकात की, खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया और किसानों का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।

कलेक्टर ने किसानों को आश्वस्त किया कि धान विक्रय के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने सबसे पहले गरियाबंद धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर निरीक्षण किया। यहां जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिक अनिल चंद्राकर की उपस्थिति में किसान लिलेश निषाद के धान की तौल कराकर खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। किसान निषाद ने 9 क्विंटल धान का विक्रय किया।

इस अवसर पर कलेक्टर ने किसान का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और उनसे धान खरीद केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने किसानों से बातचीत कर टोकन व्यवस्था, धान तौल, बारदाना, पेयजल, बैठने की सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। किसानों ने भी अपनी बात रखी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित, पारदर्शी और सुचारू रूप से संचालित हो तथा किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। इस दौरान एसडीएम गरियाबंद हितेश्वरी बाघे, जिला खाद्य अधिकारी जन्मेजय नायक, सहायक पंजीयक सहकारिता महेश्वरी तिवारी सहित समिति प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद सहित कृषकगण मौजूद रहे।

इसके बाद कलेक्टर शर्मा बारुला धान उपार्जन केंद्र पहुंचे। यहां जनपद पंचायत अध्यक्ष सोहन ध्रुव, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सरपंच सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस केंद्र में किसान गीता बाई ने 16 क्विंटल धान का विक्रय किया। कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और धान विक्रय के लिए बधाई दी। कलेक्टर ने केंद्र में धान की तौल, किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और खरीद से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि धान खरीद किसानों की मेहनत और उनकी आर्थिक समृद्धि से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें और टोकन के अनुसार व्यवस्थित तरीके से धान खरीद की जाए। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 97 धान उपार्जन केंद्रों में 91,644 किसानों का पंजीयन किया गया है। पंजीकृत किसानों का कुल धान रकबा 1,07,782 हेक्टेयर है। इस वर्ष जिले में सात नए उपार्जन केंद्र भी प्रारंभ किए गए हैं। पहले दिन जिले के 95 उपार्जन केंद्रों के लिए 239 टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 794.42 मीट्रिक टन धान खरीद प्रस्तावित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777407 Articles

Share this story