15 नवंबर से जिले के 108 केंद्रों में होगी धान खरीद, आठ नए उपार्जन केंद्र शुरू

WhatsApp Channel Join Now
15 नवंबर से जिले के 108 केंद्रों में होगी धान खरीद, आठ नए उपार्जन केंद्र शुरू


पहले दिन 83 केंद्रों में 554 किसानों ने कटाए टोकन, 20 हजार क्विंटल धान खरीद की तैयारी

धमतरी, 12 नवंबर (हि.स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीद की शुरुआत 15 नवंबर से होने जा रही है। इस बार किसानों को धान बेचने के लिए पिछले वर्ष की तुलना में आठ अतिरिक्त उपार्जन केंद्रों की सुविधा मिलेगी। जिले में अब कुल 108 केंद्रों के माध्यम से धान खरीद की जाएगी। प्रशासन ने खरीदी को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुरुवार काे समय-सीमा की बैठक लेकर धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टोकन वितरण, भीड़ प्रबंधन, धान की गुणवत्ता जांच, नापतौल, बारदाना उपलब्धता, परिवहन और भुगतान व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा। साथ ही खरीद अवधि में नियमित निरीक्षण कर किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। जिले में इस वर्ष भुसरेंगा, अटंग, सिलघट, सिलौटी, सिंधोरीखुर्द, बुड़ेनी, राजपुर और टांगापानी में आठ नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही जिले के लिए 66 लाख क्विंटल धान खरीद का अनुमानित लक्ष्य निर्धारित किया गया है। खरीद के पहले दिन यानी 15 नवंबर के लिए अब तक 83 उपार्जन केंद्रों में 554 किसानों ने टोकन कटवाए हैं। इन किसानों से लगभग 20 हजार क्विंटल धान खरीद प्रस्तावित है। टोकन व्यवस्था से किसानों को निर्धारित तिथि और समय पर धान बेचने की सुविधा मिलेगी, जिससे केंद्रों में अनावश्यक भीड़ और इंतजार की स्थिति नहीं बनेगी।

वहीं, धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर नियंत्रण के लिए बोरई, बनरौद, सांकरा, बांसपानी, जैतपुरी और मोहेरा में छह चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। यहां जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त बारदाना, नापतौल उपकरण, कंप्यूटर, आईटी व्यवस्था, मानव संसाधन, सुरक्षित भंडारण और परिवहन की तैयारियां की गई हैं। प्रत्येक केंद्र में नोडल अधिकारी नियुक्त कर जिम्मेदारी तय की गई है, जो लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित टोकन की तिथि और समय के अनुसार ही केंद्र पहुंचें तथा धान को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार कर लाएं। बैठक में अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, नगर निगम आयुक्त अरुण वर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776091 Articles

Share this story