धान खरीद के नए नियमों से किसान परेशान : दीपक बैज

WhatsApp Channel Join Now
धान खरीद के नए नियमों से किसान परेशान : दीपक बैज


- बायोमेट्रिक सत्यापन और टोकन की पाबंदियां हटाने की मांग

रायपुर, 10 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर धान खरीद प्रक्रिया को जटिल बनाने और नए नियमों के जरिए किसानों को परेशान करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि, बायोमेट्रिक सत्यापन की अनिवार्यता, रकबे के आधार पर टोकन की संख्या सीमित करने तथा धान खरीद की अवधि घटाने जैसे फैसलों से किसानों के सामने नई मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।

बैज ने कहा कि, ओटीपी के स्थान पर फिंगरप्रिंट आधारित सत्यापन लागू करने से ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या, सर्वर डाउन और बायोमेट्रिक मशीनों की तकनीकी खराबी के कारण किसानों को परेशानी हो सकती है। सत्यापन नहीं होने पर किसानों को खरीद केंद्रों से लौटना पड़ सकता है। वहीं, दो एकड़ से कम जमीन वाले किसानों को केवल एक टोकन देने की व्यवस्था पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि, छोटे और सीमांत किसानों के लिए एकमुश्त पूरा धान काटकर परिवहन करना आर्थिक और व्यावहारिक रूप से कठिन है। टोकन निरस्त होने की स्थिति में किसानों को होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा, सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि, खरीद शुरू करने में देरी और निर्धारित समय से पहले खरीद बंद करने का फैसला किसानों के हितों के विपरीत है। मौसम की मार और खेतों में नमी के बीच समय सीमा घटने से किसानों को अपना धान औने-पौने दामों पर बिचौलियों को बेचने की नौबत आ सकती है।

बैज ने कहा कि, पिछली कांग्रेस सरकार ने टोकन व्यवस्था को सरल और विकेंद्रीकृत बनाया था, जबकि वर्तमान व्यवस्था में किसानों के सामने तकनीकी और प्रशासनिक बाधाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने सरकार से बायोमेट्रिक और टोकन संबंधी जटिलताओं को दूर करने, खरीद की अवधि बढ़ाने तथा किसानों को धान बेचने में पर्याप्त सुविधा देने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story