कोरबा में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, 10 नवंबर से कटेंगे टोकन; 73 उपार्जन केंद्रों में तैयारी पूरी

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, 10 नवंबर से कटेंगे टोकन; 73 उपार्जन केंद्रों में तैयारी पूरी


कोरबा में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, 10 नवंबर से कटेंगे टोकन; 73 उपार्जन केंद्रों में तैयारी पूरी


कोरबा, 07 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से होगी। इसके लिए किसानों को 10 नवंबर से टोकन मिलना शुरू हो जाएगा। किसान ‘तुहर टोकन’ ऐप के माध्यम से 24 घंटे अपनी सुविधानुसार धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। कोरबा जिले में धान खरीद को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह जानकारी कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शनिवार काे खाद्य सचिव रीना कंगाले की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान दी।

खाद्य सचिव रीना कंगाले ने आज शनिवार काे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि जिले के सभी 73 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सभी समितियों में मार्कफेड और मिलर्स के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में नए और पुराने बारदाने पहुंचा दिए गए हैं।

धान खरीदी में पारदर्शिता और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए जिले के 3 उपार्जन केंद्रों को अति संवेदनशील और 18 केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। पूर्व वर्षों में अनियमितता, एफआईआर तथा धान खरीदी, रकबे और पंजीयन में वृद्धि के आधार पर इन केंद्रों को चिह्नित किया गया है। यहां प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष निगरानी रहेगी।

जिले के सभी 73 उपार्जन केंद्रों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। वहीं, 60 समितियों में स्थानीय निगरानी समितियों का गठन किया गया है। खरीदी व्यवस्था पर नजर रखने के लिए जिला कमांड एवं कंट्रोल सेंटर भी स्थापित किया गया है, जिसके नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर होंगे। दूसरे जिलों से अवैध रूप से धान की आवक रोकने के लिए 9 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। इन पर तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा एक जिला स्तरीय और 12 तहसील स्तरीय फ्लाइंग स्क्वॉड भी गठित किए गए हैं।

धान नहीं बेचने वाले किसान भी कृषक उन्नति योजना के लिए पात्र

समीक्षा बैठक में खाद्य सचिव ने बताया कि इस वर्ष कृषक उन्नति योजना के तहत पंजीकृत किसानों को आदान सहायता राशि धान विक्रय की मात्रा के बजाय धान के रकबे के आधार पर दी जाएगी। विशेष बात यह है कि यदि कोई किसान अपना धान नहीं बेचता है, तब भी वह निर्धारित पात्रता के अनुसार सहायता राशि प्राप्त कर सकेगा। वहीं, धान बेचने वाले किसानों को समर्थन मूल्य के साथ अतिरिक्त राशि भी उनके बैंक खाते में अंतरित की जाएगी।

15 जनवरी तक कर सकेंगे धान का विक्रय

जिले में धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से शुरू होकर 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। किसानों के लिए 10 नवंबर से ‘तुहर टोकन’ ऐप के माध्यम से टोकन जारी किए जाएंगे। ऐप की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। किसान 15 जनवरी 2027 तक अपनी सुविधानुसार किसी भी दिन धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। प्रतिदिन जारी होने वाले कुल टोकन में 70 प्रतिशत टोकन ऐप के माध्यम से और 30 प्रतिशत टोकन समिति स्तर पर जारी किए जाएंगे।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अपर कलेक्टर, खाद्य अधिकारी जीएस कंवर, उप पंजीयक, सीसीबी नोडल अधिकारी और जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773838 Articles

Share this story