कोरबा में पाली, निरधी और कुलहरिया सहित कई केंद्रों में धान खरीद शुरू, विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में पाली, निरधी और कुलहरिया सहित कई केंद्रों में धान खरीद शुरू, विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने किया शुभारंभ


कोरबा, 15 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी कड़ी में कोरबा जिले के पाली, परसदा, निरधी, डोड़की और कुलहरिया सहित विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों में भी रविवार से धान खरीदी प्रारंभ हुई। पहले दिन किसानों में धान बेचने को लेकर उत्साह देखने को मिला।

पाली धान उपार्जन केंद्र में पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने किसान का सम्मान किया और केंद्र में मौजूद किसानों को धान खरीदी शुरू होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जनपद सदस्य, सरपंच, अन्य जनप्रतिनिधि और केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।

वहीं, निरधी उपार्जन केंद्र में समिति के संतोष यादव, सुंदर पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में खरीदी प्रक्रिया शुरू की गई। यहां ग्राम पोलमी निवासी किसान संतोष साहू ने पहले दिन 51.60 क्विंटल धान का विक्रय किया।

इसी तरह कुलहरिया उपार्जन केंद्र में जनपद सदस्य वेद प्रताप सिंह कोराम, सरपंच सोन कंवर उईके, समिति प्रबंधक सुधीर प्रसाद धुर्वे और फड़ प्रभारी भगवान सिंह पेंद्रो सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में धान खरीदी का शुभारंभ हुआ। ग्राम बुढ़ापारा निवासी किसान राजेंद्र कुमार यादव ने टोकन के माध्यम से 15.20 क्विंटल धान बेचा।

किसान राजेंद्र कुमार यादव ने पहले दिन ही धान बेचने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि शासन के निर्णय से छोटे किसानों को लाभ मिलेगा। जिले में धान खरीदी शुरू होने से किसानों में उत्साह का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story