जांजगीर-चांपा में 15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीद, कलेक्टर ने तैयारियों को लेकर दिए जरूरी निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में 15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीद, कलेक्टर ने तैयारियों को लेकर दिए जरूरी निर्देश


जांजगीर-चांपा, 12 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीद की शुरुआत 15 नवंबर से होने जा रही है। इसे लेकर जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। धान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और सुचारू बनाने के लिए कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अधिकारियों, कर्मचारियों, नोडल अधिकारियों और समिति प्रबंधकों का आज प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में कलेक्टर जन्मेजय महोबे शामिल हुए। इस दौरान धान खरीद प्रक्रिया, टोकन जारी करने, एग्रीस्टैक पंजीयन, उपार्जन केंद्रों की निगरानी, भंडारण और अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीद शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में खरीद सुनिश्चित करने और किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल देने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सभी धान खरीद केंद्रों में साफ-सफाई, फेंसिंग, बिजली, कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट कनेक्टिविटी की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, बायोमेट्रिक डिवाइस, जनरेटर, बारदाने, आर्द्रता मापी यंत्र और सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने धान की सुव्यवस्थित स्टैकिंग, नए और पुराने बारदानों को अलग-अलग रखने तथा धान की किस्म के अनुसार भंडारण व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया। किसानों की सुविधा के लिए खरीदी केंद्रों में छाया, पेयजल, शौचालय और ड्रेनेज की व्यवस्था के साथ पर्याप्त संख्या में हमालों एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने धान खरीद और ऑनलाइन प्रविष्टि क्विंटल के आधार पर करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को तुंहर टोकन मोबाइल ऐप की जानकारी देकर इसके उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने को कहा, ताकि टोकन प्रक्रिया आसान होने के साथ खरीदी में पारदर्शिता बनी रहे।

प्रशिक्षण में संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, उप पंजीयक सहकारिता मंजू पांडेय, उप संचालक कृषि राकेश शर्मा, जिला खाद्य अधिकारी संदीप पांडेय, भू-अभिलेख अधीक्षक विनय पटेल सहित सभी एसडीएम, नोडल अधिकारी, समिति प्रबंधक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776091 Articles

Share this story