कोरबा में समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू, पहले दिन किसानों ने बेचा 48 क्विंटल धान

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू, पहले दिन किसानों ने बेचा 48 क्विंटल धान


कोरबा में समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू, पहले दिन किसानों ने बेचा 48 क्विंटल धान


जिले के 73 उपार्जन केंद्रों में शुरू हुई खरीदी, कटघोरा में महिला किसान दयामती केला ने बेचा 36 क्विंटल धान; 53,475 किसानों का हुआ है पंजीयन

कोरबा, 15 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीद की शुरुआत 15 नवंबर से हो गई है। खरीदी के पहले दिन कटघोरा, छुरीकला सहित जिले के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों में किसानों ने उत्साह के साथ अपनी उपज बेची। इस दौरान किसानों का फूलमाला पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। प्रशासन ने धान खरीदी में पारदर्शिता और किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

कटघोरा उपार्जन केंद्र में महिला किसान दयामती केला और उनके पुत्र अश्वनी केला ने पहले से टोकन कटाया था। खरीदी शुरू होते ही उन्होंने 36 क्विंटल धान बेचा। वहीं, छुरीकला उपार्जन केंद्र में ग्राम डोड़कीधरी, ग्राम पंचायत डिंडोलभाठा के किसान राजाराम ने पहले दिन लगभग 12 क्विंटल धान बेचा। दोनों किसानों का उपार्जन केंद्र में स्वागत किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, ओएसडी एवं आईएएस अधिकारी तरुण कुमार किरण और नगर पंचायत छुरी की अध्यक्ष पद्मिनी देवांगन सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। जिला पंचायत सीईओ ने नमी मापक यंत्र से धान की जांच की और खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सतर्क ऐप से निगरानी रखने, सीसीटीवी कैमरे चालू रखने तथा किसानों के लिए बारदाने और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

73 केंद्रों में 53,475 किसानों का पंजीयन

कोरबा जिले में 60 समितियों के अंतर्गत 73 धान उपार्जन केंद्र संचालित हैं। इस वर्ष जिले के कुल 53,475 किसानों ने धान बिक्री के लिए पंजीयन कराया है। शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य के अनुसार सामान्य धान 2,441 रुपये और ग्रेड-ए धान 2,461 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। वहीं, कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये दिए जाने का प्रावधान है।

छुरीकला उपार्जन केंद्र के प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि केंद्र में लगभग 1,429 किसानों का पंजीयन हुआ है। खरीद के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। किसान राजाराम ने भी कहा कि पहले की तुलना में अब धान बेचना आसान हुआ है। उन्होंने कृषक उन्नति योजना के प्रावधानों पर खुशी जताई।

निगरानी के लिए जिला और तहसील स्तर पर उड़नदस्ता गठित

जिला खाद्य अधिकारी घनश्याम सिंह कंवर ने बताया कि कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में धान खरीद को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। निगरानी के लिए जिलास्तरीय उड़नदस्ता और 12 तहसील स्तरीय उड़नदस्ते गठित किए गए हैं। इसके अलावा जिले में नौ चेकपोस्ट बनाए गए हैं और सभी 73 खरीद केंद्रों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

जिले के तीन अति संवेदनशील और 18 संवेदनशील धान खरीद केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष निगरानी रहेगी। राज्य एवं जिला स्तर पर कंट्रोल और कमांड सेंटर भी स्थापित किए गए हैं। सतर्क ऐप से मिलने वाले अलर्ट और एसडीएम स्तर के अधिकारियों के माध्यम से खरीद प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है।

किसानों की सुविधाओं पर विशेष जोर

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी धान खरीद केंद्रों में चेकलिस्ट के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने तिरपाल, बारदाने, नमी मापक यंत्र, तौल व्यवस्था और टोकन की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा है। साथ ही किसानों के बैठने, पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

किसानों को अपने बोरों में धान लाने की स्थिति में सीधे बारदाने में पलटने के बजाय पहले ढेरी बनाने और उसके बाद जारी बारदानों में भरने के निर्देश दिए गए हैं। नए खरीद केंद्रों में धान की स्टैकिंग निर्धारित क्रम में डबल डनेज के साथ पिरामिड आकार में करने को कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story