जांजगीर-चांपा में धान बेचने के बोनस के अनियमित आहरण का मामला; कृषक सहित समिति प्रबंधक को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now

जांजगीर-चांपा, 24 नवंबर (हि. स.)। जिले के चांपा अनुविभाग अंतर्गत ग्राम हथनेवरा स्थित मंदिर (ट्रस्ट) की भूमि का अनधिकृत तरीके से किसान पंजीयन कराकर तीन वर्षों तक धान बेचने और कृषक उन्नति योजना के तहत बोनस राशि का लाभ लेने का मामला सामने आया है। जांच में ₹2,19,957 की शासकीय राशि के अनियमित आहरण का खुलासा हुआ है।

मामले में कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर एसडीएम चांपा शशि कुमार चौधरी ने मंगलवार को संबंधित कृषक, समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तुलसी निवासी संतोष कुमार लहरे की शिकायत पर तहसीलदार चांपा, सहकारिता विस्तार अधिकारी और खाद्य निरीक्षक बम्हनीडीह की संयुक्त टीम ने मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि चांपा निवासी कृषक सीताराम द्विवेदी ने ग्राम कुरदा स्थित अपनी 1.8550 हेक्टेयर निजी भूमि के साथ ग्राम हथनेवरा स्थित 'महादेव स्थान चांपा' की 2.1930 हेक्टेयर (5.42 एकड़) मंदिर भूमि को भी अपने व्यक्तिगत किसान पंजीयन में शामिल करा लिया था।

छत्तीसगढ़ शासन के प्रावधानों के अनुसार ट्रस्ट अथवा मंदिर की भूमि पर कृषक उन्नति योजना का लाभ लेने की पात्रता नहीं है। इसके बावजूद सेवा सहकारी समिति मर्यादित चांपा के तत्कालीन एवं वर्तमान समिति प्रबंधक गोविन्द मिश्रा और कंप्यूटर ऑपरेटर लोकेश कुमार साहू ने राजस्व अभिलेख (बी-1) का सत्यापन किए बिना वर्ष 2023-24 में मंदिर की भूमि का पंजीयन कर दिया। इसके बाद वर्ष 2024-25 और 2025-26 में भी एग्रीस्टैक और किसान पोर्टल के माध्यम से इस भूमि का कैरी फॉरवर्ड कर सत्यापन किया गया।

जांच के अनुसार, कृषक की निजी भूमि के आधार पर उसकी वैध धान विक्रय पात्रता 96.26 क्विंटल प्रतिवर्ष थी, लेकिन मंदिर की भूमि को पंजीयन में शामिल कराने के कारण उसने तीन वर्षों में कुल 261.22 क्विंटल अतिरिक्त धान का विक्रय किया। इससे शासन की ₹2,19,957 की राशि के अनियमित आहरण का मामला सामने आया है।

एसडीएम चांपा ने कृषक सीताराम द्विवेदी को सात दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। वहीं समिति प्रबंधक गोविन्द मिश्रा और कंप्यूटर ऑपरेटर लोकेश कुमार साहू को भी सात दिवस के भीतर संतोषजनक जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही किसान पोर्टल से मंदिर की भूमि के खसरों को तत्काल विलोपित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story